दीपावली के त्योहार पर मिलावटी मावा, खोवा और मिठाइयों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने जांच अभियान शुरू करने की तैयारी की है। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर उपखंड मजिस्ट्रेट विजयराघवगढ़/बरही ने क्षेत्र की मिष्ठान दुकानों की आकस्मिक जांच के लिए राजस्व अधिकारियों और खाद्य सुरक्षा निरीक्षकों के संयुक्त दल गठित किए हैं।
विजयराघवगढ़ और बरही के लिए अलग-अलग दल गठित
जारी आदेश के अनुसार, विजयराघवगढ़ तहसील के संपूर्ण क्षेत्र में मिष्ठान दुकानों की जांच की जिम्मेदारी नायब तहसीलदार श्री राजेन्द्र श्रीवास्तव और खाद्य सुरक्षा निरीक्षक श्री अशोक कुमार कुर्मी को सौंपी गई है।
इसी तरह बरही तहसील के संपूर्ण क्षेत्र में नायब तहसीलदार श्री संतोष कुमार श्रीवास्तव और खाद्य सुरक्षा निरीक्षक श्री ओ.पी. साहू संयुक्त रूप से जांच अभियान चलाएंगे। दोनों दल अपने-अपने क्षेत्र में मिष्ठान दुकानों की आकस्मिक जांच कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करेंगे।
मिलावट मिलने पर होगी नियमानुसार कार्रवाई
जांच दलों को मिलावटी मावा, खोवा और मिठाइयों की रोकथाम के लिए आवश्यक जांच करने तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच पूरी होने के बाद संबंधित दलों को अपना प्रतिवेदन उपखंड मजिस्ट्रेट कार्यालय में प्रस्तुत करना होगा।


