*रात्रि 11 बजे कार्य समाप्त होने के बाद आवागमन की समस्या का निराकरण, नियोजक को श्रम संबंधी प्रावधानों से कराया अवगत*
पांढुर्णा/ 27 अक्टूबर 2026/ औद्योगिक क्षेत्र बोरगांव स्थित संस्थान सोना बिस्कुट में दोपहर 3 बजे से रात्रि 11 बजे तक कार्य करने वाली महिला श्रमिकों को घर वापसी के लिए आवागमन का साधन उपलब्ध नहीं होने संबंधी शिकायत प्राप्त होने पर श्रम विभाग पांढुर्णा द्वारा त्वरित कार्रवाई की गई। श्रम निरीक्षक सुश्री सरिता साहू ने संस्थान पहुंचकर नियोजक से चर्चा की तथा महिला श्रमिकों की समस्या का निराकरण कराते हुए रात्रि के समय घर वापसी के लिए नियोजक द्वारा वाहन की सुविधा उपलब्ध कराई।
श्रम निरीक्षक सुश्री साहू ने संस्थान के नियोजक को श्रम विभाग के प्रावधानों से अवगत कराते हुए महिला श्रमिकों की सुरक्षा एवं सुविधा से संबंधित आवश्यक जानकारी दी। विभाग की कार्रवाई से रात्रि में कार्य समाप्त होने के बाद घर लौटने के लिए साधन की समस्या का समाधान सुनिश्चित किया गया।
श्रम विभाग द्वारा शिकायत प्राप्त होने पर त्वरित संज्ञान लेकर महिला श्रमिकों की आवागमन संबंधी समस्या का निराकरण कराया गया। इस कार्रवाई से महिला श्रमिकों की सुरक्षित घर वापसी के लिए आवश्यक व्यवस्था उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की गई।


