मुख्य मार्ग पर बेतरतीब पार्किंग से मिलेगी राहत, नागरिकों एवं स्टेशन जाने वाले यात्रियों का आवागमन होगा सुगम*
कटनी। नागरिकों एवं रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को सुगम, सुरक्षित और बाधारहित आवागमन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम कटनी द्वारा मंगलवार सुबह अतिक्रमण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई।
निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देश पर स्टेशन रोड स्थित निगम के वाणिज्यिक केंद्र के निर्धारित पार्किंग स्थल पर खुशीराम एंड कंपनी द्वारा अनधिकृत रूप से शटर लगाकर किए गए कब्जे को हटाकर स्थल को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। साथ ही शंकर टॉकीज के सामने से वाणिज्यिक केंद्र के बाजू से मुख्य रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग पर गेट लगाकर बंद किए गए रास्ते को भी खुलवाया गया। निगम प्रशासन की इस कार्रवाई से जहां वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग के लिए जगह उपलब्ध होगी, वहीं नागरिकों और यात्रियों को आवागमन में भी राहत मिलेगी।
*पार्किंग स्थल पर कब्जे से मुख्य मार्ग पर खड़े हो रहे थे वाहन*
राजस्व अधिकारी श्री जागेश्वर प्रसाद पाठक ने बताया कि वाणिज्यिक केंद्र के निर्धारित पार्किंग स्थल पर निजी सामग्री रखकर शटर लगा दिए जाने से वाहन चालकों को पार्किंग की सुविधा नहीं मिल पा रही थी। इसके परिणामस्वरूप वाहन मुख्य मार्ग पर खड़े किए जा रहे थे, जिससे यातायात प्रभावित होने के साथ ही नागरिकों और रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ता था। निगम प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए पार्किंग स्थल को कब्जे से मुक्त कराया, जिससे दिलबहार चौक से स्टेशन मार्ग सहित आसपास के व्यस्त क्षेत्रों में वाहनों की पार्किंग को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी। निर्धारित पार्किंग स्थल का उपयोग सुनिश्चित होने से मुख्य मार्ग पर बेतरतीब खड़े होने वाले वाहनों की समस्या कम करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
*गेट हटाकर खोला बंद मार्ग, यात्रियों को मिलेगा वैकल्पिक रास्ता*
निगम प्रशासन ने कार्रवाई के दौरान शंकर टॉकीज के सामने से वाणिज्यिक केंद्र के बाजू होते हुए मुख्य रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग पर लगाए गए गेट को भी हटवाया। गेट लगाकर बंद किए गए इस मार्ग को आम नागरिकों के उपयोग के लिए खोल दिया गया। मार्ग उपलब्ध होने से स्टेशन जाने वाले यात्रियों एवं अन्य नागरिकों को आवागमन का एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। इससे प्रमुख मार्ग पर यातायात का दबाव कम करने और आवाजाही को अधिक सुगम बनाने में सहायता मिलेगी।
अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई के दौरान कार्यपालन यंत्री श्री अंशुमान सिंह, राजस्व अधिकारी श्री जागेश्वर प्रसाद पाठक, सहायक यंत्री श्री अनिल जायसवाल, सहायक राजस्व अधिकारी श्री सागर नायक, उपयंत्री श्री शैलेन्द्र प्यासी, अतिक्रमण प्रभारी श्री मानेंद्र सिंह सहित निगम का अमला एवं पुलिस बल मौजूद रहा।


