बिना नंबर प्लेट, बिना वैध दस्तावेज और ओवरलोडिंग के मामले में एक सप्ताह में आधा दर्जन से अधिक वाहनों पर हुई कार्रवाई
🔳कटनी – जिले में अवैध खनिज परिवहन और ओवरलोडिंग के विरूद्ध सख्त कार्रवाई करने के कलेक्टर श्री आशीष तिवारी द्वारा दिये गये निर्देश के पालन में खनिज विभाग की टीम द्वारा कोयले से भरा बिना वैध दस्तावेज वाला वाहन, बिना नंबर प्लेट के गिट्टी परिवहन करने वाला वाहन और ओवरलोड रेत से लदा तीन वाहनों को जब्त किया है।
*पीर बाबा बाईपास पर दो वाहन जब्त*
उपसंचालक खनिज श्री रत्नेश दीक्षित ने बताया कि पीर बाबा बाईपास पर जांच के दौरान कोयले से भरा एक वाहन पकड़ा गया। जांच में वाहन के पास खनिज परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिले। इसके बाद वाहन जब्त कर सुरक्षा की दृष्टि से सलीमनाबाद थाने में खड़ा कराया गया।
इसी दौरान बिना नंबर प्लेट के गिट्टी का परिवहन करते हुए एक अन्य वाहन पकड़ा गया। वाहन चालक ने गलत नंबर बताकर जांच दल को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन खनिज अमले ने वाहन जब्त कर यातायात पुलिस चौकी के सुपुर्द कर दिया। मामले में परिवहन अधिनियम सहित अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है।
*रात में भी जांच, ओवरलोड रेत वाहन पकड़ा*
खनिज विभाग द्वारा रात्रिकालीन जांच के दौरान शहर के मध्य बाईपास पर रेत से लदा एक ओवरलोड वाहन पकड़ा गया। वाहन को जब्त कर यातायात पुलिस चौकी में खड़ा कराया गया है।
*एक सप्ताह में आधा दर्जन से अधिक वाहनों पर कार्रवाई*
खनिज विभाग के अनुसार, विशेष अभियान के तहत पिछले एक सप्ताह में आधा दर्जन से अधिक वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। हाल ही में जब्त किए गए तीनों वाहनों के विरुद्ध अवैध परिवहन के प्रकरण दर्ज किए गए हैं। संबंधित मामलों में नियमानुसार जुर्माना लगाया जाएगा।
कार्रवाई में उपसंचालक खनिज श्री रत्नेश दीक्षित, सहायक खनिज अधिकारी श्री पवन कुशवाहा एवं श्री कमल प्रस्ते के साथ नवपदस्थ खनिज निरीक्षक श्री अखंड प्रताप सिंह और श्री अनूप पाठक ने भूमिका निभाई। अभियान के दौरान होमगार्ड के जवान भी तैनात रहे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनिज परिवहन और ओवरलोडिंग के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
#JansamparkMP
#CMMadhyaPradesh
#DrMohanYadav51
#udaypratapmp
#jbpcommissioner
#katni
#कटनी


