आगामी नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से आज कटनी जिले की रीठी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में थाना प्रभारी मोहम्मद शाहिद, तहसीलदार आकांक्षा चौरसिया, जनपद पंचायत सीईओ राजेश नरेंद्र सिंह एवं जेएई विमल चंद्र मिश्रा सहित क्षेत्र की विभिन्न दुर्गा उत्सव समितियों के पदाधिकारी, ग्राम सरपंच एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक में नवरात्रि एवं दशहरा पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना, जुलूस के मार्ग एवं विसर्जन व्यवस्था सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
*रीठी नगर में स्थापित होंगी लगभग 14 दुर्गा प्रतिमाएं..*
बैठक में जानकारी दी गई कि इस वर्ष रीठी नगर में लगभग 14 दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना की जाएगी। और रीठी का दशहरा पर्व 21 अक्टूबर को मनाया जाएगा। पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सभी समितियों से आपसी समन्वय बनाए रखने और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।
*दशहरा जुलूस में शराब का सेवन न करने के सख्त निर्देश*
दशहरा जुलूस के दौरान शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए दुर्गा उत्सव समितियों के पदाधिकारियों और क्षेत्र के नागरिकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि जुलूस में शामिल होने वाले लोग शराब का सेवन न करें। पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने तथा धार्मिक आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया गया।
*गांव-गांव में अवैध शराब बिक्री बंद कराने की मांग*
बैठक के दौरान क्षेत्रीय नागरिकों ने गांव-गांव में कथित रूप से संचालित अवैध शराब की दुकानों एवं बिक्री पर रोक लगाने की मांग भी उठाई। नागरिकों ने संबंधित अधिकारियों से इस मामले में आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की, ताकि क्षेत्र में सामाजिक व्यवस्था बनी रहे और त्योहारों के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
*डीजे की आवाज निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने के निर्देश*
बैठक में डीजे संचालकों को निर्धारित ध्वनि मानकों के अनुरूप ही डीजे बजाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि ध्वनि इतनी तेज न हो कि आम नागरिकों, बुजुर्गों, बच्चों एवं बीमार व्यक्तियों को परेशानी का सामना करना पड़े। सभी समितियों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई।
*समय पर निकलेगा दशहरा जुलूस, दिवालिया डैम में होगा प्रतिमा विसर्जन*
दशहरा पर्व के दौरान जुलूस को समय पर निकालने तथा निर्धारित व्यवस्था के अनुसार दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन दिवालिया डैम में समय पर संपन्न कराने को लेकर भी चर्चा की गई।
प्रशासन ने समितियों से जुलूस एवं विसर्जन के दौरान आपसी समन्वय बनाए रखने और व्यवस्था में सहयोग करने का आग्रह किया। तथा शांति और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की गई l बैठक के अंत में अधिकारियों ने सभी दुर्गा उत्सव समितियों, ग्राम सरपंचों एवं क्षेत्रीय नागरिकों से आपसी भाईचारा, सद्भाव और शांति बनाए रखते हुए नवरात्रि एवं दशहरा पर्व मनाने की अपील की। बैठक में उपस्थित नागरिकों ने भी पर्व को व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग देने की बात कही।
हरिशंकर बेन


