कटनी। शहर की अग्रवाल बिल्डिंग को लेकर प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई की तैयारियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को नगर निगम का दल मौके पर पहुंचा, जिसके बाद आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। संभावित कार्रवाई को देखते हुए बिल्डिंग के दोनों तरफ से रास्ते को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।
मौके पर किसी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो और आम लोगों की सुरक्षा बनी रहे, इसके लिए आवाजाही को नियंत्रित किया जा रहा है। नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी कार्रवाई से जुड़ी आवश्यक तैयारियों में जुटे हुए हैं।
वहीं सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी पुलिस ने संभाल ली है। रंगनाथ थाना प्रभारी सिद्धार्थ राय के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर तैनात है। पुलिसकर्मी लोगों को प्रतिबंधित क्षेत्र से दूर रखने के साथ ही आसपास की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
मौके पर बढ़ी लोगों की हलचल
नगर निगम और पुलिस की मौजूदगी के बाद क्षेत्र में लोगों की आवाजाही और हलचल बढ़ गई है। दोनों ओर मार्ग बंद किए जाने से यातायात व्यवस्था पर भी असर पड़ा है।
फिलहाल मौके पर प्रशासनिक अमला मौजूद है और अग्रवाल बिल्डिंग से संबंधित कार्रवाई की तैयारियां जारी हैं। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि निगम की ओर से अगला कदम कब उठाया जाता है।


