कटनी। वन परिक्षेत्र बहौरीबंद प्रांगण में मंगलवार, 6 अक्टूबर 2026 को ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ के तहत वृहद स्तर पर स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। अभियान में वन परिक्षेत्र बहौरीबंद के समस्त स्टाफ एवं वन सुरक्षा श्रमिकों ने सहभागिता की।
स्वच्छता अभियान के दौरान वन परिक्षेत्र परिसर में जमा पॉलीथिन, डिस्पोजल सामग्री, झाड़ियां, कचरा एवं घास आदि को हटाकर परिसर की साफ-सफाई की गई। अभियान का उद्देश्य वन क्षेत्र एवं आसपास के परिसर को स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल बनाए रखना रहा।
इस अवसर पर वन परिक्षेत्र अधिकारी श्री देवेश गौतम, सरपंच प्रतिनिधि श्री ब्रजेश गुप्ता, ग्राम पंचायत बहौरीबंद एवं वन विभाग के स्टाफ द्वारा परिसर में बीजा के पौधों का रोपण भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण एवं वनों की सुरक्षा को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया। साथ ही वनों की अवैध कटाई और अवैध अग्नि से सुरक्षा एवं बचाव का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में वन परिक्षेत्र अधिकारी श्री देवेश गौतम, सरपंच प्रतिनिधि श्री ब्रजेश गुप्ता, ग्राम पंचायत बहौरीबंद तथा वन परिक्षेत्र के समस्त सहायक, वनरक्षक, स्थायीकर्मी एवं सुरक्षा श्रमिक उपस्थित रहे।

