कटनी – मुड़वारा विधायक श्री संदीप जायसवाल और कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने पहाड़ी स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास का निरीक्षण किया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर, वनमंडलाधिकारी श्री गर्वित गंगवार, एसडीएम कटनी श्री जितेन्द्र पटेल, जिला शिक्षा अधिकारी श्री सच्चिदानंद पांडेय सहित सम्बंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री तिवारी ने छात्रावास में बालिकाओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि छात्रावास में अध्ययनरत बालिकाओं को शैक्षणिक वातावरण के साथ आवश्यक सभी सुविधाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि बालिकाओं की सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कमी या लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
*पुस्तकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करें*
कलेक्टर श्री तिवारी ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि छात्रावास की लाइब्रेरी में बालिकाओं के लिए पर्याप्त संख्या में आधुनिक एवं उपयोगी पुस्तकें तत्काल उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने पुस्तकों के रखरखाव एवं व्यवस्थित संधारण पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, ताकि बालिकाएं सुविधाजनक तरीके से पुस्तकों का उपयोग कर सकें। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय केवल औपचारिकता न रहे, बल्कि बालिकाओं के अध्ययन में उपयोगी साबित हो।
*बेड एवं बिस्तरों की पर्याप्त व्यवस्था के निर्देश*
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने छात्रावास में बालिकाओं के ठहरने की व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि छात्रावास में सभी बालिकाओं के लिए पर्याप्त संख्या में बेड एवं सोने के लिए बिस्तरों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि छात्रावास में रहने वाली बालिकाओं को किसी भी आवश्यक सुविधा के अभाव में परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने छात्रावास की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने तथा बालिकाओं को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित करने को कहा।
#सेवा_संकल्प_अभियान
#SewaSankalpAbhiyaan
#JansamparkMP
#CMMadhyaPradesh
#DrMohanYadav51
#udaypratapmp
#jbpcommissioner
#katni
#कटनी

