*स्वच्छता मित्रों का सम्मान, प्लास्टिक मुक्त भारत की शपथ लेकर स्वच्छता को जीवनशैली बनाने का लिया संकल्प*
कटनी, 02 अक्टूबर। गांधी जयंती के अवसर पर जिला चिकित्सालय कटनी में शुक्रवार को स्वच्छता का संदेश देते हुए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने स्वयं झाड़ू उठाकर इसे व्यवहार में उतारा। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित स्वच्छता एवं प्लास्टिक मुक्त भारत कार्यक्रम में खजुराहो सांसद श्री विष्णु दत्त शर्मा सहित जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने जिला चिकित्सालय परिसर में श्रमदान कर स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।
सांसद श्री विष्णु दत्त शर्मा ने स्वच्छता मित्रों का सम्मान किया तथा उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों को स्वच्छता एवं प्लास्टिक मुक्त भारत की शपथ दिलाई। उन्होंने स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मुड़वारा विधायक श्री संदीप जायसवाल, महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, कलेक्टर श्री आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती हरसिमरनप्रीत कौर, वनमंडलाधिकारी श्री गर्वित गंगवार, एसडीएम कटनी श्री जितेंद्र पटेल, एसडीएम बहोरीबंद श्री श्लोक वायकर, सीएमएचओ श्री राज सिंह ठाकुर, सिविल सर्जन श्री यशवंत वर्मा, जिला युवा अधिकारी श्री विलोकित सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने एक साथ श्रमदान किया।
*झाड़ू उठाकर दिया जिम्मेदारी का संदेश*
जिला चिकित्सालय परिसर में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने स्वयं सफाई करते हुए नागरिकों को यह संदेश दिया कि स्वच्छता किसी एक व्यक्ति या विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। श्रमदान के माध्यम से सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने और अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए लोगों को प्रेरित किया गया।
*प्लास्टिक के दुष्प्रभावों से कराया अवगत*
कार्यक्रम में सिंगल यूज प्लास्टिक से पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। नागरिकों से प्लास्टिक के अनावश्यक उपयोग से बचने, वैकल्पिक साधनों को अपनाने और कचरे का उचित निस्तारण सुनिश्चित करने की अपील की गई। प्लास्टिक मुक्त भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया गया।
*स्वच्छता एवं प्लास्टिक मुक्त भारत की शपथ*
सांसद श्री शर्मा ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों को स्वच्छता एवं प्लास्टिक मुक्त भारत की शपथ दिलाई। सभी ने सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग कम करने तथा स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प लिया।
*स्वच्छता मित्रों का सम्मान, सेवा को मिला सम्मान*
कार्यक्रम में स्वच्छता मित्रों का सम्मान कर उनके महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित किया गया। स्वच्छता कर्मियों को समाज के स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ शहर की व्यवस्था में महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।


