*17 अक्टूबर तक आयोजित होंगी गतिविधियां, फोटो-वीडियो सहित प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश*
कटनी (29 सितंबर) – सामाजिक न्याय एवं दिव्यांग जन सशक्तिकरण विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुक्रम में *सेवा संकल्प अभियान* के अंतर्गत जिले में शासन की विभागीय योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की जानकारी आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए समस्त जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों, एनआरएलएम के जिला परियोजना प्रबंधक एवं जन अभियान परिषद को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
*रचनात्मक गतिविधियों से दिया जाएगा योजनाओं का संदेश*
उपसंचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण श्री अनुराग मोदी ने बताया कि नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत रैली, चित्रकला प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, वाद-विवाद प्रतियोगिता सहित विभिन्न जागरूकता एवं जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से शासन की योजनाओं, उपलब्ध सेवाओं तथा जनहितकारी कार्यक्रमों की जानकारी आमजन तक सरल, सहज एवं रोचक माध्यमों से पहुंचाई जाएगी। कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, युवाओं, स्व-सहायता समूहों तथा आम नागरिकों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।
*गतिविधियों का फोटो-वीडियो सहित प्रस्तुत करना होगा प्रतिवेदन*
जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने निर्देशित किया है कि सभी संबंधित अधिकारी अभियान के अंतर्गत आयोजित गतिविधियों की सुनियोजित कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध रूप से कार्यक्रमों का आयोजन सुनिश्चित करें। प्रत्येक गतिविधि के आयोजन के पश्चात उसका विस्तृत प्रतिवेदन, फोटो एवं वीडियो उपलब्ध कराया जाए, ताकि अभियान की गतिविधियों का प्रभावी दस्तावेजीकरण एवं अनुश्रवण किया जा सके। शैक्षणिक संस्थानों एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग की भी सहभागिता अभियान को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ने के उद्देश्य से प्राचार्य तिलक कॉलेज, जिला शिक्षा अधिकारी तथा समस्त जनपद पंचायतों के सामाजिक सुरक्षा अधिकारियों को भी आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों एवं युवाओं को विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों से जोड़कर सेवा, जनजागरूकता एवं सामाजिक सहभागिता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
*समन्वित प्रयासों से सफल बनाया जाएगा अभियान*
जिला पंचायत सीईओ ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाली गतिविधियों में नवाचार, जनभागीदारी और स्थानीय स्तर पर प्रभावी संचार माध्यमों का उपयोग किया जाए। विभागीय योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे तथा आमजन में शासन की सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़े, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।


