छिन्दवाड़ा/26 सितंबर 2026/ प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ के अंतर्गत गुजरात के वडनगर से वाराणसी तक निकाली जा रही ‘जल जन सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ जिले में सेवा, समर्पण और जनभागीदारी का संदेश देते हुए आगे बढ़ रही है। 17 सितंबर को वडनगर से प्रारंभ हुई यह यात्रा देश के 10 राज्यों से होकर वाराणसी पहुंचेगी। यात्रा में शामिल सेवा यात्री देश की प्रमुख नदियों का जल साथ लेकर निरंतर सेवा कार्य करते हुए अपने गंतव्य की ओर अग्रसर हैं।
गत दिवस रामपुर दमुआ से जिले में प्रवेश करने के पश्चात परासिया में रात्रि विश्राम करने वाली सेवा यात्रा का जिले में आज दूसरा दिन रहा। यात्रा के दौरान सेवा यात्रियों द्वारा विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इसी क्रम में परासिया स्थित महाकालेश्वर मोक्षधाम में सेवा यात्रियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा स्वच्छता अभियान और पौधारोपण किया गया। इसके पश्चात पुलिस थाना परासिया के सामने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सेवा यात्रियों का स्वागत किया गया। यात्रा आगे बढ़ते हुए नगर परिषद डोंगर परासिया पहुंची, जहां सेवा यात्रियों द्वारा स्वच्छता कर्मियों का शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया।
इस अवसर पर सेवा यात्री श्री रोहित ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि छिन्दवाड़ा जिले में उन्हें लगातार आत्मीयता, प्रेम और सम्मान प्राप्त हो रहा है। उन्होंने स्वच्छता कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निरंतर प्रयासों से नगरों और ग्रामों में स्वच्छ वातावरण बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान मिल रहा है।
इसके बाद यात्रा छिन्दवाड़ा की ओर अग्रसर हुई। मार्ग में खिरसाडोह, कोसमी, गांगीवाड़ा एवं पोआमा चौक सहित विभिन्न स्थानों पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों द्वारा सेवा यात्रियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस दौरान स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित थे।
आधार फाउंडेशन पोआमा में दिव्यांगजनों का हुआ सम्मान – यात्रा आगे बढ़ते हुए आधार फाउंडेशन, पोआमा पहुंची, जहां दिव्यांगजनों के सम्मान एवं सहयोग के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सेवा यात्रियों ने दिव्यांगजनों से आत्मीय संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के संकल्प को दोहराया।
इस अवसर पर छिन्दवाड़ा प्रवास पर आए मध्यप्रदेश राज्य सहकारी बैंक (अपेक्स बैंक) के प्रशासक श्री महेन्द्र सिंह यादव, श्री शेषराव यादव, पूर्व विधायक पंडित रमेश दुबे, श्री विजय पाण्डे, श्री टीकाराम चंद्रवंशी, श्री कमलेश उइके, यात्रा प्रभारी श्री कुबेर सिंह सूर्यवंशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन, पुलिस अधीक्षक श्री अजय पाण्डेय, अपर कलेक्टर श्री धीरेन्द्र सिंह सहित अन्य अधिकारी, सेवा यात्री एवं दिव्यांगजन भी मौजूद थे। इस दौरान दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल भेंट कर उन्हें अधिक आत्मनिर्भर एवं सुगम जीवनयापन के लिए प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम के पश्चात जल जन सेवा संकल्प बाइक यात्रा अपने अगले पड़ाव की ओर रवाना हुई।


