कटनी – 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत ‘मेरी आंगनवाड़ी मेरी जिम्मेदारी’ थीम पर परियोजना मुड़वारा के सेक्टर मुड़वारा-3 स्थित आंगनवाड़ी केंद्र मड़ई में समुदाय आधारित पोषण जागरूकता गतिविधि आयोजित की गई। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में साध्वी जन कल्याण समिति द्वारा आंगनवाड़ी केंद्र के बच्चों को ड्रेस वितरित की गई। नई ड्रेस पाकर बच्चों में उत्साह और खुशी का माहौल रहा।
*संतुलित आहार के प्रति किया जागरूक*
कार्यक्रम में साध्वी निगम ने संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आसपास आसानी से उपलब्ध मूंग दाल, चना, विभिन्न दालें, मोटे अनाज, चुकंदर, पालक सहित अन्य स्थानीय खाद्य पदार्थों को भोजन में शामिल कर पौष्टिक आहार तैयार किया जा सकता है। इन खाद्य पदार्थों में आवश्यक पोषक तत्व एवं विटामिन पाए जाते हैं। उन्होंने भोजन में विविधता लाने और स्थानीय खाद्य पदार्थों के उपयोग के प्रति जागरूकता को पोषण माह का प्रमुख उद्देश्य बताया।
*आंगन मिलन सेवा से संकल्प अभियान की गतिविधियों की जानकारी*
कार्यक्रम में भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष पारस जैन भी उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि ‘आंगन मिलन सेवा से संकल्प’ अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ लोगों के घर तक पहुंचाने के लिए जनप्रतिनिधि प्रत्येक ग्राम में स्कूल, आंगनवाड़ी एवं पंचायत स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे।
*बच्चों में दिखी खुशी*
साध्वी जन कल्याण समिति के सदस्यों द्वारा बच्चों को एक जैसी ड्रेस वितरित किए जाने से बच्चों में खासा उत्साह दिखाई दिया। एकरूप ड्रेस में बच्चों को देखकर उपस्थितजनों ने भी प्रसन्नता व्यक्त की। रेखा तिवारी ने बताया कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता रूपा बर्मन द्वारा केंद्र में शासन की योजनाओं एवं विभागीय गतिविधियों का नियमित रूप से संचालन किया जाता है। कार्यक्रम में बच्चों के पालकगण, महिलाएं एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
#JansamparkMP
#CMMadhyaPradesh
#DrMohanYadav51
#udaypratapmp
#jbpcommissioner
#katni
#कटनी


