बिना परमिट दो यात्री बसें जब्त, ओवरलोड मालवाहक और बिना फिटनेस एंबुलेंस पर भी हुई कार्रवाई
कटनी (22 सितंबर) – सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर श्री आशीष तिवारी द्वारा दिये गये निर्देश के पालन में परिवहन विभाग द्वारा मंगलवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान स्कूल बसों, यात्री बसों, मालवाहक वाहनों एवं एंबुलेंस के परमिट, फिटनेस सहित आवश्यक दस्तावेजों और सुरक्षा मानकों की जांच की गई। साथ ही नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।
अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री संतोष पॉल ने बताया कि जांच के दौरान कुल 18 स्कूल बसों एवं 22 यात्री बसों की जांच की गई। जांच में दो यात्री बसें बिना वैध परमिट के संचालित होती पाई गईं। बिना परमिट वाहन संचालन पाए जाने पर दोनों यात्री बसों को जब्त कर थाना कुठला में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया। परिवहन विभाग द्वारा वाहन संचालकों को निर्धारित नियमों के अनुसार ही यात्री वाहनों का संचालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
दो स्कूल बसों की फिटनेस निरस्त
जांच के दौरान स्कूल बसों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया। निरीक्षण में ग्लोबल पब्लिक स्कूल की बस क्रमांक एमपी-21-जेडजी-7043 तथा वेल वेदर स्कूल की बस क्रमांक एमपी-21-पी-0445 में कैमरा नहीं पाया गया। इसके साथ ही वाहनों में वीएलटीडी चालू नहीं होने सहित अन्य कमियां भी सामने आईं। विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दोनों स्कूल बसों की फिटनेस निरस्त कर दिया गया। कार्रवाई के बाद दोनों बसों को थाना कुठला में सुरक्षार्थ रखा गया।
परिवहन विभाग द्वारा स्कूल संचालकों को नोटिस जारी कर स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि जिन वाहनों की फिटनेस निरस्त की गई है, उनमें निरीक्षण के दौरान पाई गई सभी कमियों को निर्धारित मापदंडों के अनुसार पूर्ण कराया जाए। इसके बाद वाहनों की पुनः फिटनेस कराकर ही उनका संचालन किया जाए।
विभाग द्वारा स्कूल संचालकों को यह भी निर्देशित किया गया है कि यदि फिटनेस निरस्त किए गए वाहनों में पाई गई कमियों की पूर्ति कराए बिना अथवा दोबारा फिटनेस कराए बिना वाहनों का संचालन करते हुए पाया जाता है, तो इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित स्कूल संचालक की होगी। ऐसे मामलों में संबंधित संचालक के विरुद्ध विधि अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
ओवरलोड मालवाहक वाहन जब्त
जांच अभियान के दौरान एक मालवाहक वाहन भी निर्धारित क्षमता से अधिक भार लेकर संचालित होता पाया गया। ओवरलोड पाए जाने पर उक्त मालवाहक वाहन को जब्त कर थाना बड़वारा में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया। विभाग द्वारा मालवाहक वाहन संचालकों को निर्धारित भार क्षमता के अनुसार ही वाहनों का संचालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
बिना फिटनेस एंबुलेंस पर भी कार्रवाई
अभियान के दौरान एक एंबुलेंस भी बिना वैध फिटनेस के संचालित होती पाई गई। जांच में फिटनेस नहीं होने पर एंबुलेंस को जब्त कर थाना कुठला में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया।
विभाग द्वारा वाहन संचालकों से अपील की गई है कि वे अपने वाहनों के परमिट, फिटनेस, बीमा, कर तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों को अद्यतन रखें और सभी निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए ही वाहनों का संचालन करें।


