कलेक्टर श्री तिवारी ने सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए दिए प्रभावी निर्देश
कटनी – जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने प्रवर्तन के साथ-साथ सड़क सुरक्षा के उपायों को और प्रभावी करने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समन्वित और समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा, वनमंडलाधिकारी श्री गर्वित गंगवार, निगमायुक्त श्रीमती तपस्या परिहार मौजूद रहे।
कलेक्टर श्री तिवारी ने कहा कि ओवरलोडेड वाहनों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जाए। पुलिस, आरटीओ और खनिज विभाग का संयुक्त दल बनाकर ओवरलोडिंग की जांच एवं कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने भारी वाहनों के आगे और पीछे अनिवार्य रूप से रिफ्लेक्टर लगवाने के निर्देश भी दिए, ताकि रात के समय वाहनों की दृश्यता बढ़े और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो।
उन्होंने ऑटो रिक्शा में निर्धारित सीट क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने पर रोक लगाने तथा ऑटो से लंबी दूरी की यात्रियों की आवाजाही को नियंत्रित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि सार्वजनिक परिवहन में यात्रियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।
*दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुधारात्मक कार्रवाई पर जोर*
बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति, प्रमुख नेशनल एवं स्टेट हाईवे, चिन्हित ब्लैक स्पॉट, दुर्घटना संभावित स्थानों और दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों की विस्तृत समीक्षा की गई। यातायात निरीक्षक श्री अनूप सिंह ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से दुर्घटनाओं से संबंधित जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने सड़क सुरक्षा के लिए आवश्यक इंजीनियरिंग, प्रवर्तन एवं जागरूकता संबंधी उपायों की कार्ययोजना भी प्रस्तुत की।
कलेक्टर ने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सड़क संकेतक, रिफ्लेक्टर, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुधारात्मक कार्य प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए।
*ब्लैक स्पॉट की संख्या में आई कमी*
बैठक में वर्ष 2022 से वर्ष 2026 तक जिले में चिन्हित ब्लैक स्पॉट की स्थिति की समीक्षा की गई। सड़क सुरक्षा के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों और विभिन्न विभागों के समन्वय से ब्लैक स्पॉट की संख्या में कमी आने की जानकारी दी गई। कलेक्टर ने शेष दुर्घटना संभावित स्थानों पर भी आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र पूरा कराने तथा चेतावनी संबंधी उपायों को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
*‘आपका सारथी कौन’ से ऑटो यात्रियों को मिलेगी जानकारी*
बैठक में जिले में संचालित ‘आपका सारथी कौन’ अभियान की भी जानकारी दी गई। अभियान के तहत ऑटो चालकों को क्यूआर कोड उपलब्ध कराए जा रहे हैं। यात्री क्यूआर कोड के माध्यम से ऑटो चालक से संबंधित आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इससे सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में सुरक्षा, पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने में मदद मिलेगी।
*‘ऑपरेशन स्पीड कंट्रोल’ सहित विभिन्न अभियानों की समीक्षा*
पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में जिले में संचालित ऑपरेशन स्पीड कंट्रोल, ऑपरेशन सेफ, ऑपरेशन सुरक्षित संगम, ऑपरेशन नो रोड पार्किंग और ऑपरेशन रेडियम सहित विभिन्न सड़क सुरक्षा अभियानों की जानकारी बैठक में दी गई। इन अभियानों के माध्यम से तेज गति पर नियंत्रण, यातायात नियमों का पालन, नो-पार्किंग व्यवस्था, सड़क किनारे दृश्यता बढ़ाने तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
कटनी पुलिस द्वारा पिछले आठ माह से यातायात नियमों के उल्लंघन पर निरंतर चालानी एवं प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है। तेज गति से वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग, तीन सवारी, नो-पार्किंग तथा मॉडिफाइड साइलेंसर जैसे मामलों में कार्रवाई के साथ वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।
*गोल्डन ऑवर में उपचार के लिए राहवीर योजना का प्रचार-प्रसार*
बैठक में सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने और दुर्घटना पीड़ितों की मदद करने वाले नागरिकों को प्रोत्साहित करने के लिए शासन की राहवीर योजना एवं प्रधानमंत्री राहत/कैशलेस उपचार योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि आमजन को इन योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि दुर्घटना के बाद घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर में तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सके।
इस दौरान यातायात निरीक्षक श्री अनूप सिंह, आरटीओ श्री संतोष पाल, उप संचालक खनिज श्री रत्नेश दीक्षित सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री तिवारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में आपसी समन्वय बनाए रखते हुए प्रभावी एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि जिले में सड़क दुर्घटनाओं और उनसे होने वाली जनहानि को न्यूनतम किया जा सके।
#JansamparkMP
#CMMadhyaPradesh
#DrMohanYadav51
#udaypratapmp
#jbpcommissioner
#katni
#कटनी


