कटनी। शहर में रविवार को हुई महज करीब 20 मिनट की बारिश ने नगर निगम की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। जालपा देवी वार्ड के संस्कार भारती स्कूल के पीछे स्थित शक्तिनगर में बारिश का पानी सड़कों पर भर गया और कई लोगों के घरों के अंदर तक पहुंच गया। अचानक घरों में पानी घुसने से रहवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
रहवासियों के मुताबिक शक्तिनगर में थोड़ी सी बारिश होते ही जलभराव की स्थिति बन जाती है। नालियों और जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़कों पर जमा होकर घरों की ओर पहुंच जाता है। रविवार को भी करीब 20 मिनट की बारिश में क्षेत्र की स्थिति बिगड़ गई और लोगों के घरों में पानी भर गया।
*हर बारिश में बनती है यही स्थिति*
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है। बारिश के दौरान शक्तिनगर में बार-बार जलभराव होता है। कई बार नगर निगम के अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। नतीजा यह है कि बारिश होते ही रहवासियों को घरों में पानी घुसने की चिंता सताने लगती है।
*जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग*
घर के अंदर पानी पहुंचने से लोगों के घरेलू सामान के खराब होने का खतरा बना रहता है। वहीं सड़क पर पानी भरने से आवागमन भी प्रभावित होता है। रहवासियों ने नगर निगम प्रशासन से तत्काल मौके का निरीक्षण कर जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि मानसून के दौरान हर बार होने वाली परेशानी से निजात दिलाने के लिए नालियों की सफाई और पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था जरूरी है।

