कटनी जिले की ग्राम पंचायत केवलारी में पंचायत निधि से करीब पांच लाख रुपए के भुगतान को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। शिकायतकर्ता छपरवाह निवासी अनिकेत शुक्ला ने आरोप लगाया है कि पंचायत के विभिन्न कार्यों एवं सामग्री खरीदी के नाम पर भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष नितिन पांडे से संबंधित फर्म के बिल लगाकर पंचायत खाते से राशि का भुगतान किया गया। शिकायत को लेकर उन्होंने कटनी कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ सहित संबंधित अधिकारियों को शिकायत देकर पूरे मामले की जांच की मांग की है।
दुकान और फर्म के अस्तित्व पर भी सवाल
शिकायतकर्ता का कहना है कि संबंधित फर्म की स्पष्ट दुकान अथवा व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालित होने की जानकारी सामने नहीं आती। ऐसे में जिस फर्म के नाम से पंचायत में बिल प्रस्तुत कर भुगतान किया गया, उसकी वास्तविकता, पंजीयन और कारोबार की प्रकृति की जांच जरूरी है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र प्रशासनिक जांच होना अभी बाकी है।
बिल-वाउचर से लेकर बैंक खाते तक जांच की मांग
अनिकेत शुक्ला ने शिकायत में संबंधित अवधि के सभी बिल-वाउचर, भुगतान रजिस्टर, कैशबुक और बैंक भुगतान की जांच कराने की मांग की है। साथ ही फर्म के GST, पंजीयन, दुकान/प्रतिष्ठान और वास्तविक व्यवसाय का सत्यापन करने की बात कही है। जिन सामग्री या कार्यों के लिए भुगतान किया गया, उनका मौके पर भौतिक सत्यापन तथा बिलों में दर्ज मात्रा, दर और बाजार मूल्य का मिलान कराने की मांग भी की गई है।
जांच में गड़बड़ी मिली तो कार्रवाई की मांग
शिकायतकर्ता ने कहा है कि यदि जांच में फर्जी बिल, कूटरचित दस्तावेज, बिना सामग्री आपूर्ति के भुगतान अथवा पंचायत निधि के दुरुपयोग की पुष्टि होती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही पंचायत निधि को हुई क्षति की राशि संबंधित जिम्मेदारों से वसूलने की मांग की गई है। मध्यप्रदेश में पंचायत निधि के दुरुपयोग/वित्तीय अनियमितताओं से संबंधित शिकायतों के लिए विभागीय जांच एवं वसूली की व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं।


