*लखनऊ,19 सितंबर। यूपी वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन (यूपीडब्लूजेयू) की* *प्रदेशकार्यसमिति के पुनर्गठन में वरिष्ठ पत्रकार रोहित महेश्वरी को संगठन सचिव की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।राजधानी लखनऊ में शनिवार को आयोजित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष टीबी सिंह ने नए पदाधिकारियों की घोषणा की। इसके तहत वरिष्ठ पत्रकार एवं आज समाज के ब्यूरो प्रमुख अजय त्रिवेदी को प्रदेश महामंत्री नामित किया गया। वहीं हिंदी दैनिक प्रभात व्यूज के कार्यकारी संपादक वरिष्ठ पत्रकार रोहित महेश्वरी जी को संगठन सचिव बनाया गया है। इसके अलावा वरिष्ठ पत्रकार सुनील कुमार दिवाकर और आशीष बाजपेई को प्रदेश संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। यूपीडब्लूजेयू अध्यक्ष टीबी सिंह ने बताया कि प्रदेश के 45 जिलों में संगठन की इकाइयां गठित हो चुकी हैं और जल्द ही सभी जिलों में संगठन का विस्तार पूरा किया जाएगा। आईएफडब्लूजे के वरिष्ठ उपाध्यक्ष हेमंत तिवारी ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि आगामी राष्ट्रीय अधिवेशन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। वहीं आईएफडब्लूजे के राष्ट्रीय सचिव सिद्धार्थ कलहंस ने बताया कि अगले माह होने वाले राज्य सम्मेलन में नवनियुक्त पदाधिकारियों का अनुमोदन आमसभा से कराया जाएगा। बैठक में यूपीडब्लूजेयू के वरिष्ठ प्रदेश सचिव उत्कर्ष सिन्हा, सचिव प्रभप्रीत सिंह, प्रकाशन सचिव वीरेंद्र सिंह, प्रचार सचिव आशीष अवस्थी, लखनऊ मंडल अध्यक्ष एंथोनी सिंह, वरिष्ठ पत्रकार अशोक त्रिपाठी, मुकुल मिश्रा, अमित मिश्रा सहित अन्य पत्रकार साथी मौजूद रहे। वहीं वरिष्ठ पत्रकार रोहित महेश्वरी को नई जिम्मेदारी मिलने पर पत्रकारों एवं संगठन के साथियों ने बधाई और शुभकामनाएं दीं।*


