*योगेश गजभिये पांढुरना पांढुरना*.पांढुर्णा जिले के समस्त शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा 12वीं में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहन स्वरूप ई-स्कूटी/मोटराइज्ड स्कूटी प्रदान करने हेतु जिला स्तरीय मुख्यमंत्री निःशुल्क स्कूटी वितरण समारोह का आयोजन आज सांदीपनि विद्यालय, पांढुर्णा में किया गया। समारोह में जिले के कुल 66 मेधावी छात्र-छात्राओं को स्कूटी वितरित कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में भोपाल में आयोजित मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के अंतर्गत मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी वितरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। इसके पश्चात पांढुर्णा जिले के चयनित मेधावी छात्र-छात्राओं को स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में ई-स्कूटी/मोटराइज्ड स्कूटी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की वंदना के साथ किया गया। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई तथा विद्यार्थियों को निरंतर अध्ययन कर उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
मुख्यमंत्री निःशुल्क स्कूटी योजना का उद्देश्य शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें उच्च शिक्षा के लिए आगे बढ़ने हेतु आवश्यक आवागमन सुविधा उपलब्ध कराना है। योजना के माध्यम से विद्यार्थियों की शिक्षा की निरंतरता को बढ़ावा देने के साथ-साथ उनकी उपलब्धियों को सम्मानित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष पांढुर्णा संदीप मोहोड़, संदीप घाटोडे, देवेन्द्र गायकवाड़ एवं बंटी छागाणी उपस्थित रहे।
इसके साथ ही पांढुर्णा बीईओ एच.बी. हांडे, सांदीपनि विद्यालय के प्राचार्य सी.एस. बरेठ, सिवनी संकुल प्राचार्य श्री शेषराव लोनकर सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


