*विजयराघवगढ़ तहसील के औचक निरीक्षण में सामने आई व्यवस्थाओं की हकीकत
फर्द-बंटवारा में प्रक्रियात्मक कमी पर तहसीलदार व रीडर को नोटिस के निर्देश*
कटनी, 18 सितंबर। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने शुक्रवार को विजयराघवगढ़ संयुक्त तहसील का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने सीधे नायब तहसीलदार न्यायालय पहुंच कर लंबित प्रकरणों की स्थिति का जायजा लिया।
कलेक्टर ने राजस्व कार्यों, लंबित प्रकरणों, अभिलेखों के रखरखाव और नागरिकों से जुड़े मामलों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने तहसील कार्यालय पहुंचे नागरिकों के पास स्वयं जाकर उनके आने का कारण पूछा और समस्याओं की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए।
जहां कमी दिखी, वहीं तय हुई जवाबदेही
निरीक्षण के दौरान फर्द-बंटवारा एवं नक्शा प्रदर्शित नहीं किए जाने, अभिलेख में नायब तहसीलदार के हस्ताक्षर नहीं होने तथा पद-मुद्रा की सील नहीं लगी होने पर कलेक्टर श्री तिवारी ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने एसडीएम विजयराघवगढ़ श्रीमती निधि सिंह गोहल को नायब तहसीलदार श्री प्रेमलाल चौधरी एवं रीडर श्री मोहम्मद यूसुफ सिद्दीकी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
रीडर की टेबल पर रखी बंटवारा नस्ती खुद जांची
कलेक्टर ने रीडर की टेबल पर रखी बंटवारा नस्तियों में से एक प्रकरण को स्वयं देखा। इसमें कई कमियां मिलने पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की और अपने सामने प्रकरण की कमियां पूर्ण कराईं। तहसीलदार से आवश्यक हस्ताक्षर करवाकर पद-मुद्रा की सील भी लगवाई। उन्होंने बंटवारा कार्यवाही नियमानुसार और सही तरीके से करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि लंबित राजस्व प्रकरणों को प्राथमिकता से लेते हुए उनका समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अभिलेखों के व्यवस्थित एवं सुरक्षित रखरखाव पर भी जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती हरसिमरनप्रीत कौर, वन मंडलाधिकारी श्री गर्वित गंगवार, एसडीएम विजयराघवगढ़ श्रीमती निधि सिंह गोहल सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


