छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश शासन, सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा प्रदेशव्यापी *सेवा संकल्प अभियान 2026 (17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026)* का आज शुभारंभ हुआ। समस्त विभागों की कार्ययोजना के एकीकृत संकलन एवं क्रियान्वयन के इस महाअभियान का उद्देश्य सेवा को संकल्प में बदलना है।
*इसी पवित्र संकल्प को साकार करते हुए आज दिनांक 17 सितंबर 2026 को शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, छिंदवाड़ा में भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें छिंदवाड़ा पुलिस के नगर पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक चौधरी, रक्षित निरीक्षक श्री हर्ष यादव, निरीक्षक श्री सत्येंद्र बघेल, सउनि. केशव इंगले, प्रधान आरक्षक नरेश पाल, आरक्षक मंगेश मेश्राम, आरक्षक ओम नरेश बघेल, आरक्षक परमेश्वर टेमरे, आरक्षक पारस उइके, आरक्षक ओम प्रकाश बिदंबारी, आरक्षक कार्तिक, आरक्षक शुभम उइके, एवं अन्य अधिकारी/कर्मचारियों ने भी रक्तदान कर अहम हिस्सा लिया।*
वर्दी के पीछे छिपे संवेदनशील हृदय का परिचय देते हुए पुलिसकर्मियों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। एक-एक बूंद रक्त किसी जरूरतमंद के लिए जीवनदायिनी बन सकती है, इसी भावना के साथ पुलिस परिवार के सदस्यों ने मानवता के इस यज्ञ में अपनी आहुति दी। रक्तदान के दौरान पुलिसकर्मियों के चेहरों पर सेवा का संतोष और गर्व स्पष्ट झलक रहा था।
इस अवसर पर चिकित्सा विशेषज्ञों ने बताया कि रक्तदान न केवल दूसरों का जीवन बचाता है, बल्कि यह दाता के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी है। नियमित रक्तदान से हृदय स्वस्थ रहता है और शरीर में नवीन रक्त का संचार होता है।
पुलिस अधीक्षक, जिला छिंदवाड़ा ने इस अवसर पर कहा कि पुलिस का कर्तव्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि समाज के सुख-दुख में सहभागी बनना भी है। रक्तदान जैसा पुनीत कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देता है और आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास एवं आत्मीयता को और प्रगाढ़ करता है। उन्होंने रक्तदान करने वाले सभी अधिकारी-कर्मचारियों की सराहना करते हुए आम नागरिकों से भी इस अभियान से जुड़ने की अपील की।
उल्लेखनीय है कि सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत 13 राष्ट्रीय गतिविधियों एवं 25 सेवा गतिविधियों का आयोजन प्रस्तावित है। छिंदवाड़ा पुलिस द्वारा अभियान अवधि में स्वच्छता, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य शिविर एवं जनजागरूकता जैसे विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
*छिंदवाड़ा पुलिस का यह प्रयास निःसंदेह “सेवा परमो धर्मः” की भावना को चरितार्थ करता है।*

