पुलिस अधीक्षक महोदय श्री अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) द्वारा थाना क्षेत्र में घटित गंभीर घटनाओं को तत्काल संज्ञान में लेकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु निर्देशित किया गया है। उक्त निर्देशों के पालन में कोतवाली पुलिस द्वारा युवक के अपहरण कर उसके साथ मारपीट एवं अमानवीय तरीके से प्रताड़ित करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 02 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 02 आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
घटना का विवरण-
दिनांक 15.09.2026 को फरियादी पंकज मेहरा पिता मुकेश मेहरा उम्र 24 वर्ष निवासी गायत्री नगर, थाना कोतवाली, जिला कटनी, हाल निवासी रांझी बस्ती, थाना रांझी, जिला जबलपुर द्वारा थाना कोतवाली उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वह ठेकेदारी का काम करता है। फरियादी ने बताया कि दिनांक 12.09.2026 को सुबह करीब 09.30 बजे वह कटनी रेलवे स्टेशन के बाहर ऑटो का इंतजार कर रहा था। उसी दौरान उसका पुराना परिचित अजय उर्फ अन्नू माली, जिसके साथ वह पूर्व में प्रॉपर्टी का काम कर चुका था, स्कूटी से वहां आया और उसे अपने साथ घर चलने के लिए कहा। अजय के साथ वह मघई मंदिर के पास स्थित उसके घर पहुंचा। घर पहुंचने के बाद अन्नू माली उसे अंदर बैठाकर बाहर गया तथा फोन कर कुछ लोगों को बुलाया। कुछ देर बाद 03 लड़के वहां पहुंचे, जिन्हें फरियादी नहीं जानता था। इसके बाद अन्नू माली द्वारा पुरानी बात को लेकर फरियादी से गाली-गलौज की गई तथा अन्नू माली एवं उसके साथियों द्वारा लात-घूंसों एवं बेल्ट से मारपीट की गई।
फरियादी किसी तरह वहां से निकलकर कटनी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 05 पर पहुंचा और जबलपुर जाने वाली ट्रेन का इंतजार करने लगा। इसी दौरान आरोपीगण उसका पीछा करते हुए रेलवे स्टेशन पहुंच गए और उसे जबरदस्ती ऑटो में बैठाकर एन.के.जे. बजरिया स्थित गुरुद्वारा के सामने अन्नू माली के मकान में ले गए। वहां एक कमरे में बंद कर आरोपियों द्वारा पुनः उसके साथ मारपीट की गई।
इसी दौरान आरोपियों में से एक युवक द्वारा सिगरेट से फरियादी के हाथ एवं पीठ को दाग दिया गया, जिससे उसके हाथ एवं पीठ पर जलने के निशान आए। शाम करीब 06.00 बजे फरियादी किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर भाग गया और भय के कारण जबलपुर चला गया। दिनांक 15.09.2026 को अपने भाई एवं मां के साथ थाना कोतवाली पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
फरियादी की रिपोर्ट को गंभीरता से लेते हुए थाना कोतवाली में तत्काल *अप.क्र. 1053/2026 धारा 296(बी), 115(2), 118(1), 142, 351(2), 3(5) बी.एन.एस.* के तहत आरोपी अजय उर्फ अन्नू माली एवं अन्य आरोपियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
*चंद घंटों में मुख्य आरोपी पुलिस गिरफ्त में-*
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल अवगत कराया गया। पुलिस अधीक्षक महोदय श्री अभिनय विश्वकर्मा द्वारा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु निर्देशित किया गया। निर्देशों के पालन में थाना कोतवाली पुलिस द्वारा टीम गठित कर आरोपियों की सघनता से तलाश प्रारंभ की गई।
कोतवाली पुलिस की टीम ने मुखबिर तंत्र एवं तकनीकी सहायता के माध्यम से त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अजय उर्फ अन्नू माली को मुड़वारा रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी अन्नू माली ने बताया कि पंकज मेहरा पूर्व में उसके यहां काम करता था तथा करीब 02 वर्ष पूर्व काम छोड़ चुका था। आरोपी के अनुसार पंकज उसके कुछ आवश्यक फोटो एवं दस्तावेज अपने साथ ले गया था, जिन्हें वापस नहीं कर रहा था। इसी बात को लेकर आरोपी ने पंकज को रेलवे स्टेशन के बाहर मिलने पर बातचीत के बहाने अपने साथ घर ले जाकर अपने साथियों को फोन कर बुलाया और उसके साथ मारपीट की।
बाद में पंकज के वहां से भाग जाने पर आरोपीगण उसे तलाशते हुए रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां प्लेटफार्म नंबर 05 के पास पंकज मिल गया। इसके बाद उसे जबरदस्ती ऑटो में बैठाकर एन.के.जे. बजरिया स्थित मकान में ले जाया गया, जहां पुनः उसके साथ मारपीट की गई। आरोपी के कथन के अनुसार साहिल खान के साथ आए एक युवक द्वारा पंकज के हाथ एवं पीठ को सिगरेट से दागा गया।
आरोपी अजय उर्फ अन्नू माली के मेमोरेण्डम के आधार पर पुलिस द्वारा साहिल खान पिता बबली खान निवासी इंदिरा नगर गली नंबर 01, कटनी को भी कुठला क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया है।
*गिरफ्तार आरोपी-*
1- अजय उर्फ अन्नू माली पिता शंकर लाल माली, उम्र 42 वर्ष, निवासी मघई मंदिर के पीछे, सुभाष वार्ड, थाना कोतवाली, जिला कटनी।
2- साहिल खान पिता बबली खान, उम्र 23 वर्ष, निवासी इंदिरा नगर गली नंबर 01, थाना कुठला, जिला कटनी।
*फरार आरोपी :-*
3. अमन एवं उसका एक अन्य साथी — दोनों की तलाश की जा रही है।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। फरार आरोपियों की संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देकर तलाश की जा रही है।
थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय ने बताया कि पंकज मेहरा द्वारा उसका अपहरण कर एक स्थान पर बंधक बनाने, गंभीर रूप से मारपीट करने एवं सिगरेट से जलाने के संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। मामले को तत्काल गंभीरता से लेते हुए अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई की गई, जिसके परिणामस्वरूप 02 आरोपियों अजय उर्फ अन्नू माली एवं साहिल खान को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। मामले में फरार 02 आरोपियों की तलाश जारी है, जिन्हें शीघ्र गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
पुलिस कार्यवाही में विशेष भूमिका-
श्रीमान पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में, श्रीमान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य एवं श्रीमान उप पुलिस अधीक्षक अजाक सुश्री शिवा पाठक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय, चौकी प्रभारी खिरहनी किशोर द्विवेदी, उनि. कुलदीप सिंह, प्र.आर. वीरेन्द्र तिवारी, रमाकांत तिवारी, आर. अजय प्रताप सिंह, मंसूर हुसैन, दीपक चक्रवर्ती, मोहन मण्डलोई, अजीत सिंह एवं विकास राय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


