कटनी। हरितालिका तीज के पावन अवसर पर कटनी में गौतम परिवार की महिलाओं ने श्रद्धा और आस्था के साथ व्रत एवं पूजन किया। महिलाओं ने भगवान शिव और माता पार्वती की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं पति की दीर्घायु की कामना की।
इस अवसर पर महिलाओं ने दिनभर व्रत रखकर धार्मिक परंपराओं का पालन किया। शाम को पूजन के दौरान भगवान शिव एवं माता पार्वती का स्मरण करते हुए हरितालिका तीज की कथा सुनी गई और आरती की गई।
गौतम परिवार की महिलाओं ने पारंपरिक रूप से सोलह श्रृंगार कर पूजा-अर्चना में हिस्सा लिया। इस दौरान परिवार में भक्ति और उत्साह का माहौल रहा।
हरितालिका तीज हिंदू धर्म में महिलाओं के लिए विशेष महत्व रखने वाला पर्व है। मान्यता है कि माता पार्वती ने भगवान शिव को पति रूप में प्राप्त करने के लिए कठोर तप और व्रत किया था। इसी परंपरा के अनुरूप सुहागिन महिलाएं अपने पति की दीर्घायु और दांपत्य जीवन की सुख-शांति के लिए यह व्रत रखती हैं।

