मध्य प्रदेश में भी 6 सितंबर को मौसम सक्रिय रहेगा. IMD के अनुसार मध्य प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. पश्चिमी मध्य प्रदेश में 6-7 सितंबर को भारी बारिश की संभावना है, जबकि पूर्वी मध्य प्रदेश में 5-8 सितंबर तक भारी बारिश का दौर बना रह सकता है.
इससे पहले 5 सितंबर को पश्चिमी मध्य प्रदेश में कई जगह भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई. शिवपुरी के बैराड़ में 15 सेंटीमीटर, पोहरी में 14 सेंटीमीटर और शिवपुरी में 13 सेंटीमीटर बारिश दर्ज हुई.
16 जिलों में सबसे ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत
आज जिन जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है, उनमें ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, राजगढ़, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, सागर, दमोह, पन्ना और सतना शामिल हैं. इन इलाकों में कुछ स्थानों पर तेज से अत्यधिक बारिश हो सकती है, जिससे निचले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन सकती है.
राजधानी भोपाल, इंदौर, जबलपुर, उज्जैन सहित प्रदेश के 35 से ज्यादा जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. कुछ स्थानों पर तेज बौछारें भी पड़ सकती हैं. दिनभर बादल छाए रहने और बीच-बीच में बारिश होने से तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है.
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक प्रदेश पर असर डाल रहा सिस्टम अभी पूरी तरह कमजोर नहीं हुआ है. यही वजह है कि 6 सितंबर के बाद भी 7, 8 और 9 सितंबर तक कई जिलों में बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं. कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश के दौर की भी संभावना जताई गई है.

