कटनी – श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर 4 सितंबर को जिले में आयोजित होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जन्माष्टमी पर्व पर जिले के प्रमुख मंदिरों एवं सार्वजनिक स्थलों पर पूजा-पाठ, झांकियों सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इन आयोजनों में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए कलेक्टर श्री तिवारी ने सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा, विद्युत तथा कानून एवं शांति व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, संबंधित अनुविभागीय दण्डाधिकारी, नगर निगम, जिला पंचायत, स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग, यातायात पुलिस एवं होमगार्ड सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दायित्व सौंपे हैं। प्रमुख मंदिरों और अधिक भीड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही जन्माष्टमी पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रखने, आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा विद्युत आपूर्ति और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा है।
#JansamparkMP
#CMMadhyaPradesh
#DrMohanYadav51
#udaypratapmp
#jbpcommissioner
#katni
#कटनी

