MP NEWS CAST मनीष गौतम 9993205230
कटनी। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खनिज विभाग की पहल पर जिले में वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत जिले के सभी खनिज धारकों द्वारा अपने-अपने खनन क्षेत्रों एवं संबंधित परिसरों में बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया जा रहा है।
खनिज विभाग द्वारा खनिज धारकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से खनन गतिविधियों से प्रभावित क्षेत्रों में हरियाली बढ़ाने और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।
खनिज अधिकारी रत्नेश दीक्षित ने जानकारी देते हुए बताया कि विभाग की पहल पर जिले के सभी खनिज धारकों द्वारा अपने-अपने स्तर पर वृहद वृक्षारोपण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर और स्वच्छ वातावरण तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
खनिज विभाग की इस पहल के तहत लगाए जा रहे पौधों की देखरेख और संरक्षण पर भी जोर दिया जा रहा है, ताकि पौधे विकसित होकर भविष्य में पर्यावरण को लाभ पहुंचा सकें।

विभाग का उद्देश्य केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि खनन क्षेत्रों में हरित आवरण को बढ़ाना और पर्यावरण संरक्षण को निरंतर प्राथमिकता देना है। इस अभियान में खनिज धारकों की सहभागिता से जिले में हरियाली को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।


