MP NEWS CAST मनीष गौतम 9993205230
कटनी – रक्षाबंधन एवं कजलियां पर्व के दौरान जिले में कानून-व्यवस्था, यातायात सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, संबंधित अनुविभागीय दण्डाधिकारी, नगर निगम, जिला पंचायत, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, विद्युत विभाग, यातायात पुलिस तथा होमगार्ड विभाग को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया है।
रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर जिले के विभिन्न बाजारों एवं सार्वजनिक स्थानों पर राखी एवं अन्य सामग्री की दुकानों तथा ठेलों पर बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और भीड़ नियंत्रण के लिए आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रमुख बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात को व्यवस्थित रखने के साथ ही आवश्यकतानुसार पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है।
इसी प्रकार कजलियां पर्व के अवसर पर शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से नागरिकों द्वारा कजलियां विसर्जन के लिए नदी, नालों, तालाबों एवं अन्य जलस्रोतों पर पहुंचने की संभावना को देखते हुए संबंधित क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। आवश्यकतानुसार पुलिस बल एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाने तथा जलस्रोतों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
आदेश में पर्व के दौरान यातायात, चिकित्सा, विद्युत, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था से संबंधित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने विभाग से आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विभागों के बीच प्रभावी समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया है।
प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को पर्व के दौरान संभावित भीड़ एवं अन्य परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने तथा सतत निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि रक्षाबंधन एवं कजलियां पर्व शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।
#JansamparkMP
#CMMadhyaPradesh
#DrMohanYadav51
#udaypratapmp
#jbpcommissioner
#katni
#कटनी


