टीकमगढ़। जिले में लगातार हो रही बारिश को दृष्टिगत रखते हुए *कलेक्टर श्री विवेक श्रोतीय एवं पुलिस अधीक्षक श्री सुधीर अग्रवाल* ने संयुक्त रूप से आज दिनांक 27 अगस्त 2026 को जिले के विभिन्न नदी-नालों, पुल-पुलियाओं एवं जलभराव वाले संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नदी-नालों में बढ़ते जलस्तर, पुल-पुलियाओं की स्थिति तथा आवागमन की व्यवस्थाओं का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों से क्षेत्र की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश दिए।
*कलेक्टर श्री श्रोतीय* ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बारिश के दौरान नदी-नालों एवं पुल-पुलियाओं पर विशेष निगरानी रखी जाए। जहां आवश्यक हो, वहां बैरिकेडिंग एवं चेतावनी संकेतक लगाए जाएं तथा जलस्तर बढ़ने की स्थिति में लोगों को जोखिम वाले स्थानों पर जाने से रोका जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
*पुलिस अधीक्षक श्री अग्रवाल* ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि संवेदनशील एवं जलभराव वाले क्षेत्रों में सतत निगरानी रखी जाए तथा नदी, नालों एवं पुलों पर अनावश्यक आवागमन को नियंत्रित किया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रखते हुए आवश्यकता पड़ने पर तत्काल यातायात डायवर्ट करने एवं वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
दोनों अधिकारियों ने *आमजन से अपील* की कि बारिश के दौरान नदी-नालों, पुल-पुलियाओं एवं तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें। जलस्तर बढ़ने अथवा पुल के ऊपर से पानी बहने की स्थिति में किसी भी प्रकार का जोखिम न लें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।


