कटनी – जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, विक्रय एवं परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए कलेक्टर श्री आशीष तिवारी द्वारा दिए गए निर्देश के पालन में आबकारी अमले ने वृत्त विजयराघवगढ़ एवं वृत्त कटनी क्रमांक-02 में व्यापक कार्रवाई की। इस दौरान 10 हजार रुपये से अधिक मूल्य की देशी मदिरा जब्त करते हुए आबकारी अधिनियम के तहत 07 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए।
कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश में आबकारी नियंत्रण कक्ष प्रभारी के नेतृत्व में आबकारी टीम द्वारा दोनों वृत्तों के अंतर्गत आने वाले विभिन्न क्षेत्रों में दबिश दी गई।
आबकारी अमले ने जुहला, जुहली, कन्हवारा, कछगवां, जोबा, खम्हरिया, घघरी खुर्द, कैलवारा कलां बाईपास रोड, टिकरवारा एवं खड़ौला सहित विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई की। दबिश के दौरान अवैध रूप से रखी गई 76 पाव देशी मदिरा मसाला एवं 36 पाव देशी मदिरा प्लेन, कुल 112 पाव देशी मदिरा जब्त की गई।
मामले में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1)(क) के तहत कुल 07 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं।
कार्रवाई में प्रभारी वृत्त विजयराघवगढ़ एवं कटनी क्रमांक-02 आबकारी उपनिरीक्षक श्री अतुल कुटार सहित मुख्य आरक्षक श्रीमती वीणा ब्रह्मवंशी, श्री राजेश गौंटिया एवं श्री चंद्रप्रकाश त्रिपाठी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आबकारी विभाग द्वारा जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, विक्रय और परिवहन के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध मदिरा कारोबार से जुड़े लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई आगे भी लगातार की जाएगी।


