बरही /रिपोर्टर सुरेश सेन नगर परिषद बरही के वार्ड क्रमांक 12, 13, 14 एवं 15 के मध्य से निकलने वाले छिदिया-हीरापुर मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन कलेक्टर कटनी के नाम एसडीएम बरही, तहसीलदार बरही एवं थाना प्रभारी बरही को सौंपा गया।
ज्ञापन में बताया गया कि छिदिया टोला से हीरापुर होते हुए क्रेशर प्लांट तक जाने वाला मार्ग लंबे समय से जर्जर एवं खस्ताहाल है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिनमें बारिश का पानी एवं कीचड़ भर जाने से आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। इस मार्ग से वार्ड क्रमांक 12, 13, 14 एवं 15 के रहवासी, स्कूली बच्चे, महिलाएं एवं बुजुर्ग बड़ी संख्या में आवागमन करते हैं। ज्ञापन में कहा गया कि सड़क की समस्या को लेकर नगर परिषद एवं संबंधित अधिकारियों को पूर्व में कई बार अवगत कराया जा चुका है तथा प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से भी समस्या को उठाया गया, लेकिन अब तक सड़क के गड्ढों को भरने अथवा आवश्यक सुधार कार्य कराने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की है कि छिदिया-हीरापुर मार्ग के गड्ढों को तत्काल भरवाकर मार्ग को आवागमन योग्य एवं सुरक्षित बनाया जाए तथा सड़क का स्थायी सुधार कराया जाए।
ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन को 7 दिवस का समय दिया गया है। यदि निर्धारित अवधि में मार्ग के गड्ढे भरने एवं आवश्यक सुधार कार्य की कार्रवाई शुरू नहीं की गई तो वार्ड क्रमांक 12, 13, 14 एवं 15 के रहवासियों के साथ मिलकर 2 सितंबर 2026 दिन बुधवार को छिदिया-हीरापुर मार्ग पर शांतिपूर्ण जन आंदोलन एवं मार्ग अवरुद्ध करने का निर्णय लिया जाएगा।


