*योगेश गजभिये पांढुरना*.कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ के निर्देशानुसार जिले में मिलावट के विरुद्ध निरन्तर कार्यवाही की जा रही है। इस क्रम में एसडीएम पांढुर्णा अल्का इक्का के मार्गदर्शन में रविवार को राजस्व विभाग, खाद्य सुरक्षा विभाग एवं नगर पालिका की संयुक्त टीम ने खाद्य एवं मिष्ठान्न दुकानों का निरीक्षण किया। टीम द्वारा जिले में कुल 16 दुकानों की जांच की गई। कार्रवाई के दौरान खराब, बासी एवं एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री का विनष्टीकरण करने के साथ ही स्वच्छता संबंधी लापरवाही पर स्पॉट फाइन की कार्रवाई की गई।
निरीक्षण के दौरान केशवा डेयरी की तीन मशीनें सील की गईं। यहां दूध में मरी हुई मक्खी पाए जाने के साथ मिठाई में फफूंद मिली तथा लंबे समय से रखी मिठाई का रंग काला पाया गया। टीम ने दुकान से दही के दो जार, करीब आधा किलो मिठाई, 55 लीटर दूध तथा एक्सपायर्ड कैडबरी चॉकलेट की दो यूनिट का विनष्टीकरण कराया। परिसर में गंदगी पाए जाने पर 2 हजार रुपए का स्पॉट फाइन भी लगाया गया।
बासी ग्रेवी और खाद्य सामग्री का कराया विनष्टीकरण
सौदागर होटल में चिकन, मटन एवं प्याज-टमाटर की करीब 15 दिन पुरानी ग्रेवी तथा चना एवं साउजी मसाला की करीब तीन दिन पुरानी ग्रेवी सहित कुल साढ़े 7 किलो ग्रेवी का विनष्टीकरण कराया गया। इसी प्रकार होटल आदित्य में करीब 10 किलो प्याज-टमाटर मसाला ग्रेवी एवं करीब 3 किलो बिरयानी राइस, दोनों करीब दो दिन पुराने पाए जाने पर नष्ट कराया गया।
योगेश उपहार गृह में 24 यूनिट पिज्जा, जिसकी कीमत 1680 रुपए, तथा 17 गिलास लस्सी, जिसकी कीमत 680 रुपए थी, कुल 2360 रुपए की खाद्य सामग्री का विनष्टीकरण कराया गया। यहां से मिठाई के सैंपल भी एकत्रित किए गए। समोसा-कचौड़ी भंडार एवं इंदौर सेव भंडार में गंदगी पाए जाने पर स्पॉट फाइन की कार्रवाई की गई।
बस स्टैंड की 8 दुकानों का भी निरीक्षण
संयुक्त टीम ने बस स्टैंड क्षेत्र की 8 दुकानों का निरीक्षण किया। दुकानदारों को नियमित रूप से साफ-सफाई रखने और खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश मौके पर दिए गए।
14 सैंपल लिए, 14,500 रुपए का स्पॉट फाइन
संपूर्ण कार्रवाई के दौरान कुल 14,500 रुपए का स्पॉट फाइन किया गया। इसके साथ ही 08 लीगल एवं 06 सर्विलांस सहित कुल 14 खाद्य सैंपल लिए गए, जिन्हें कुल 38 भागों में एकत्रित किया गया है। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए सैंपल नियमानुसार भेजे जाएंगे।
कार्रवाई कार्यपालक मजिस्ट्रेट पांढुर्णा मोहित गणवीर, खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री सनोडिया, स्वास्थ्य निरीक्षक संजय कड़वे, पटवारीगण एवं नगर पालिका टीम द्वारा की गई।


