रिपोर्टर सीमा कैथवास
नर्मदापुरम। कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने सांदीपनि विद्यालय का निरीक्षण कर विद्यालय की व्यवस्थाओं, भवन, स्वच्छता, भोजन व्यवस्था एवं शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक साई कृष्ण एस थोटा, जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर बारिश के पानी के कारण सीपेज की समस्या पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्माण एजेंसी को पूरी बिल्डिंग की जांच कर आवश्यक सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय भवन को हैंडओवर करने से पहले सीपेज सहित सभी निर्माण संबंधी समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध हो सके। कलेक्टर श्री मिश्रा ने विद्यालय में बच्चों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता का भी जायजा लिया। कलेक्टर श्री मिश्रा ने विद्यालय में छोटे बच्चों से आत्मीयता एवं वात्सल्य भाव से संवाद किया। उन्होंने बच्चों से किताबों एवं पढ़ाई से संबंधित सवाल पूछे और उनके उत्तर सुनकर प्रसन्नता व्यक्त की। बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने टॉफी एवं किताबें भी भेंट कीं। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा एक शिक्षक की भूमिका में भी नजर आए। उन्होंने रसायन विज्ञान की कक्षा में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया तथा विभिन्न विषयों पर उन्हें पढ़ाया और मार्गदर्शन दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से लैब में रखी विभिन्न शैक्षणिक वस्तुओं के संबंध में सवाल पूछकर उनकी समझ एवं जिज्ञासा को परखा। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन करने, विषयों की अवधारणाओं को समझने तथा उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों का बेहतर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।


