कटनी में आयकर अधिकारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, गेस्ट हाउस के कमरे में मिले अचेत
कटनी में आयकर विभाग के अधिकारी मानवेंद्र सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। वे आयकर कार्यालय के समीप स्थित कॉलोनी के गेस्ट हाउस में अकेले रहते थे। गुरुवार सुबह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर एक कर्मचारी उन्हें जगाने पहुंचा। दरवाजा खटखटाने पर कोई जवाब नहीं मिला, जिसके बाद विभागीय अधिकारियों को सूचना दी गई।
अधिकारी-कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़ा तो मानवेंद्र सिंह बेड पर अचेत अवस्था में मिले। तत्काल चिकित्सक को बुलाया गया, जिन्होंने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि बुधवार रात करीब 10 बजे तक मानवेंद्र सिंह अपने मित्रों से फोन पर बातचीत कर रहे थे। इसके बाद उन्होंने भोजन किया और कमरे में सोने चले गए। सुबह उनके कमरे से बाहर नहीं आने पर घटना का पता चला।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई की। मृतक के परिजन उत्तर प्रदेश में रहते हैं, जिन्हें घटना की जानकारी दे दी गई है। परिजनों के शुक्रवार सुबह कटनी पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
प्रारंभिक तौर पर चिकित्सकों ने साइलेंट हार्ट अटैक की आशंका जताई है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार कमरे से फिलहाल कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।


