कटनी (19 अगस्त) – महिला एवं बाल विकास विभाग, कटनी में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 श्री आशाराम राजपूत के विरुद्ध फर्जी हिन्दी मुद्रलेखन प्रमाण-पत्र के मामले में विभागीय जांच के बाद फर्जी हिन्दी मुद्रलेखन प्रमाण-पत्र प्रस्तुत कर अनुचित लाभ लेने और कार्यालय को गुमराह करने के मामले में कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने श्री राजपूत को सहायक ग्रेड-3 के पद से चतुर्थ श्रेणी भृत्य के पद पर प्रत्यावर्तित (पदावनत) कर उनकी पदस्थापना कार्यालय परियोजना अधिकारी, बाल विकास परियोजना ढीमरखेड़ा में कर दी है।
*2006 में भृत्य से सहायक ग्रेड-3 बने थे*

श्री राजपूत की वर्ष 2006 में भृत्य पद से सहायक ग्रेड-3 के पद पर पदोन्नति हुई थी। वर्ष 2019 में प्रथम समयमान वेतनमान दिए जाने के दौरान सेवा पुस्तिका में हिन्दी मुद्रलेखन परीक्षा उत्तीर्ण करने का प्रमाण-पत्र दर्ज नहीं होने पर जिला पेंशन कार्यालय ने आपत्ति की थी।
*जांच में प्रमाण-पत्र फर्जी मिला*
विभाग के निर्देश पर श्री राजपूत ने नवंबर 2020 में हिन्दी मुद्रलेखन परीक्षा उत्तीर्ण करने का प्रमाण-पत्र प्रस्तुत किया। इसकी जांच शीघ्रलेखन एवं मुद्रलेखन परीक्षा परिषद, भोपाल से कराने पर प्रमाण-पत्र का उपलब्ध परीक्षाफल एवं अभिलेखों से मिलान नहीं पाया गया। विभागीय जांच में भी प्रमाण-पत्र फर्जी प्रस्तुत कर अनुचित लाभ लेने और कार्यालय को गुमराह करने का आरोप प्रमाणित हुआ।
*पदावनति के साथ समयमान वेतनमान भी निरस्त*
विभागीय जांच के निष्कर्षों तथा मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम-10 के प्रावधानों के तहत कलेक्टर श्री तिवारी ने श्री राजपूत को सहायक ग्रेड-3 से चतुर्थ श्रेणी भृत्य के पद पर प्रत्यावर्तित (पदावनत) किया है। साथ ही वर्ष 2019 में प्रदाय प्रथम समयमान वेतनमान का आदेश भी निरस्त कर दिया गया है।
#JansamparkMP
#CMMadhyaPradesh
#DrMohanYadav51
#drmohanoffice51
#udaypratapmp
#jbpcommissioner
#katni
#कटनी


