*शाहनगर, पन्ना।*
बोरी स्कूल की जर्जर हालत की खबर चलने के बाद प्रशासन हरकत में आया है। खबर का असर दिखाते हुए मंगलवार 19 अगस्त 2026 को नायब तहसीलदार और आर.आई. फुलेल सिंह रावत ने पटवारी स्वतंत्र लटोरिया के साथ शा.उ.मा.वि. बोरी का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने पाया कि स्कूल की अधिकांश कक्षाओं की छत टपक रही है और प्लास्टर गिर रहा है। कक्षा 6 की छत का बड़ा हिस्सा गिरकर सरिया बाहर निकल आई है। कार्यालय कक्ष 2 में फर्श पर 3 इंच पानी भरा था और दस्तावेज पानी में तैर रहे थे।
नायब तहसीलदार ने कहा, _”विद्यालय की कंडीशन बहुत खराब है। कमरे सब डैमेज हैं। बच्चों के बैठने लायक नहीं है।”_
अधिकारियों ने पूरे स्कूल का पंचनामा तैयार कर इसकी विस्तृत रिपोर्ट कलेक्टर पन्ना को भेजने की बात कही है। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने भी अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर स्कूल के लिए नवीन भवन की मांग की।
उल्लेखनीय है कि 1985 में स्थापित बोरी स्कूल 41 साल बाद भी भवन विहीन है। यहां कक्षा 6 से 12 तक 800 से अधिक बच्चे पढ़ते हैं।


