कटनी/रीठी। रीठी तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत बड़गांव में एक जर्जर मकान का हिस्सा अचानक गिरने से बड़ा हादसा टल गया। घटना के दौरान मकान के पास से गुजर रहे दो लोग बाल-बाल बच गए। हालांकि, एक व्यक्ति के पैर में खपरा लगने से मामूली चोट आई है।
बताया जा रहा है कि बड़गांव में स्थित यह जर्जर मकान ऐसे मार्ग पर है, जहां दिनभर लोगों की आवाजाही रहती है। विशेषकर बाजार के दिन इस रास्ते पर काफी भीड़ रहती है। इसी मार्ग से ग्रामीण सरकारी अस्पताल, बिजली केंद्र, आंगनवाड़ी केंद्र, संकट मोचन स्कूल और मंदिर सहित अन्य स्थानों पर आते-जाते हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि मकान की हालत लंबे समय से जर्जर है, इसके बावजूद जिम्मेदारों द्वारा इसे गंभीरता से नहीं लिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते मकान मालिक को नोटिस देकर आवश्यक कार्रवाई की जाती तो हादसे की आशंका को टाला जा सकता था।
घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी है। उनका कहना है कि यदि जर्जर मकान का कोई बड़ा हिस्सा सड़क पर गिरता है तो राहगीरों की जान को गंभीर खतरा हो सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मौके का तत्काल निरीक्षण कर जर्जर मकान के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की जाए और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
ग्रामीणों ने संबंधित पटवारी एवं तहसील प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि प्रशासन को किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय समय रहते ऐसे खतरनाक भवनों को चिन्हित कर कार्रवाई करनी चाहिए।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।


