कटनी। देशभक्ति के जज्बे और राष्ट्रप्रेम की भावना से ओतप्रोत भाजपा मुड़वारा मंडल के कार्यकर्ताओं ने भीषण बारिश के बीच तिरंगा यात्रा निकालकर अपने उत्साह और समर्पण का परिचय दिया। बारिश भी कार्यकर्ताओं के कदम नहीं रोक सकी और हाथों में तिरंगा लेकर कार्यकर्ता पूरे जोश के साथ यात्रा में शामिल हुए।
भाजपा मुड़वारा मंडल अध्यक्ष संजू गर्ग की अगुवाई में निकाली गई तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। बारिश के बावजूद कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह नजर आया। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो गया।
तिरंगा यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और देश की आन-बान-शान के प्रतीक तिरंगे के प्रति सम्मान व्यक्त किया। मंडल अध्यक्ष संजू गर्ग ने कहा कि राष्ट्रभक्ति किसी मौसम की मोहताज नहीं होती। देश के प्रति समर्पण और सम्मान का जज्बा हर परिस्थिति में कायम रहना चाहिए।


