रिपोर्टर सीमा कैथवास
नर्मदापुरम। इटारसी से मदनमहल के लिए प्रस्तावित दैनिक यात्री ट्रेन क्रमांक 51673 के संचालन समय को लेकर क्षेत्र के यात्रियों ने रेलवे से समय में परिवर्तन की मांग की है। इस संबंध में क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति सदस्य योगेंद्र राजपूत को स्थानीय रेस्टहाउस में ज्ञापन सौंपकर ट्रेन को इटारसी से प्रातः 8 से 9 बजे के बीच चलाए जाने तथा गुरमखेड़ी स्टेशन पर ठहराव दिए जाने की मांग की गई। ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान प्रस्ताव के अनुसार ट्रेन क्रमांक 51673 इटारसी जंक्शन से प्रातः 11:40 बजे रवाना होकर मदनमहल पहुंचेगी। भारतीय रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार यह ट्रेन गुर्रा, सोनतलाई बगरतवा सोहगपुर सहित मार्ग के प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी। श्री राजपूत ने तत्काल ही डीआरएम भोपाल पंकज त्यागी से मोबाइल पर चर्चा कर उक्त प्रस्तावित पैसेंजर ट्रेन के समय में परिवर्तन करने का आग्रह करते हुए कहा कि यह यात्री हित में आवश्यक है डीआरएम ने उचित कार्यवाही का भरोसा दिलाया
यात्रियों का कहना है कि सुबह 11:40 बजे इटारसी से ट्रेन चलने के कारण नर्मदापुरम, इटारसी, सोहागपुर एवं आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और मरीजों को इसका अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाएगा। अतः उक्त ट्रेन को प्रातः 8 से 9 बजे के मध्य निर्धारित करने एवं गुरमखेड़ी में ठहराव देने की मांग की है।ज्ञापन सौंपने वालो में डॉ. आशीष बिल्लोरे,राकेश शर्मा, कुलदीप नागले,संजय प्रजापति,आशीष जायसवाल, अनीस खान,दीपक बोरासी, रामकुमार भगोरिया सहित नियमित यात्री संघ इटारसी पिपरिया के सदस्य व नागरिक उपस्थित रहे।


