कटनी। स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व को गरिमामय और उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाने की तैयारियों के तहत नगर पालिक निगम कटनी द्वारा शहर के प्रमुख मार्गों को देशभक्ति के रंग में सजाया जा रहा है। इसी क्रम में माधव नगर गेट से कार्यालय कलेक्ट्रेट तक के मार्ग को देश भक्ति के तीन रंगों की रोशनी से जगमगाने की पहल की गई है।
नगर निगम द्वारा मार्ग के डिवाइडर पर स्थापित पोलों में केसरिया, सफेद और हरे रंग की एलईडी लाइटें लगाई गई हैं। शाम ढलते ही तीन रंगों की यह आकर्षक रोशनी पूरे मार्ग को तिरंगे के रंग में रंग देती है, जिससे शहर में स्वतंत्रता दिवस के उत्सव का माहौल दिखाई देने लगा है।
यह पहल केवल शहर के सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्रीय पर्व के प्रति नागरिकों में गौरव, राष्ट्रप्रेम और तिरंगे के सम्मान की भावना को और प्रबल करने का प्रयास है। प्रमुख मार्ग पर की गई तिरंगा रोशनी शहरवासियों और यहां से गुजरने वाले लोगों के लिए स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों का संदेश भी दे रही है।
नगर निगम द्वारा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान सहित स्वतंत्रता दिवस से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे में शहर की प्रमुख सड़कों पर तिरंगे के रंगों से सजा वातावरण राष्ट्रीय पर्व की गरिमा को और बढ़ाने के साथ नागरिकों को देश की स्वतंत्रता और उसके लिए किए गए बलिदानों की याद भी दिला रहा है।
फोटो –


