कटनी जिले के रीठी थाना क्षेत्र के बिलहरी निवासी विनोद शंकर शर्मा ने थाना प्रभारी बिलहरी को एक लिखित शिकायत सौंपकर एक जनपद सदस्य सहित अन्य लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत में आरोप है कि मुख्य आरोपी ने अलग-अलग समय पर अपनी जाति बदलकर आदिवासी एवं पिछड़ा वर्ग का लाभ उठाया और इसी आधार पर आदिवासी भूमि की खरीद-बिक्री की।
शिकायत के अनुसार आरोपी वर्ष 2013 से 2018 तक सेवा सहकारी समिति बिलहरी में अनुसूचित जनजाति वर्ग से सदस्य रहा। वहीं अन्य दस्तावेजों और भूमि पंजीयन में स्वयं को पिछड़ा वर्ग का बताकर भूमि का विक्रय करने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि आरोपी ने परिस्थितियों के अनुसार कभी आदिवासी तो कभी पिछड़ा वर्ग का प्रमाण प्रस्तुत कर सरकारी योजनाओं का लाभ भी लिया। आवेदन में वर्ष 2017, 2023 और 2024 में हुई कई भूमि रजिस्ट्रियों का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया गया है कि अलग-अलग जाति के आधार पर भूमि का क्रय-विक्रय किया गया। शिकायत में संबंधित रजिस्ट्रार कार्यालय, गवाहों तथा अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच कर कार्रवाई की मांग की गई है। शिकायतकर्ता ने पुलिस से भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत धोखाधड़ी, जालसाजी तथा फर्जी दस्तावेज तैयार करने सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज कर निष्पक्ष जांच करने की मांग की है।
हरिशंकर बेन,,,


