*योगेश गजभिये पांढुरना*.कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ के निर्देशानुसार जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी रोकथाम के लिए खनिज विभाग द्वारा सतत कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में शुक्रवार को खनिज विभाग पांढुर्णा के दल ने तहसील सौंसर अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान परतापुर-बेरडी कन्हान नदी क्षेत्र मार्ग पर एक बिना नंबर अंकित ट्रैक्टर-ट्रॉली में खनिज रेत का अवैध उत्खनन कर परिवहन किया जाना पाया गया।
खनिज विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित खनिज रेत को खनिज नियमों के प्रावधानों के अंतर्गत जब्त कर शासकीय अभिरक्षा में पुलिस थाना सौंसर परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया।
उक्त प्रकरण में खनिज का अवैध उत्खनन एवं परिवहन किए जाने पर खनिज नियमों के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। नियमानुसार जुर्माना अधिरोपित किए जाने हेतु प्रकरण माननीय कलेक्टर न्यायालय पांढुर्णा के समक्ष निर्णयन के लिए प्रस्तुत किया जाएगा।
कार्रवाई के दौरान खनिज अधिकारी यामिनी उईके, सहायक खनिज अधिकारी महेश नगपुरे तथा खनिज विभाग का संयुक्त अमला उपस्थित रहा।


