*योगेश गजभिये पांढुरना*.कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी नीरज कुमार वशिष्ठ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 की तैयारियों को लेकर जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमामय, अनुशासित एवं भव्य स्वरूप में आयोजित करने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों को दायित्व सौंपे गए तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष भी 15 अगस्त को नगर पालिका ग्राउंड, पांढुर्णा में जिला स्तरीय मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा। सभी शासकीय कार्यालयों में प्रातः 7:30 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा, जबकि जिला कार्यालय में प्रातः 8:00 बजे ध्वजारोहण सम्पन्न होगा। इसके पश्चात सभी विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित समय पर मुख्य समारोह स्थल पर उपस्थित रहेंगे। कार्यालय प्रमुखों को अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सभी शैक्षणिक संस्थाओं के स्काउट-गाइड एवं एनसीसी कैडेट्स की सहभागिता सुनिश्चित करने, प्रभात मार्च के माध्यम से समारोह स्थल तक पहुंचने तथा विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में ध्वजारोहण के साथ राष्ट्रगान, सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों के आयोजन के निर्देश दिए गए। साथ ही यह भी निर्देशित किया गया कि सांस्कृतिक कार्यक्रम पूर्णतः देशभक्ति पर आधारित हों तथा कार्यक्रमों की अवधि निर्धारित समय के अनुरूप रखी जाए।
कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने राष्ट्रीय ध्वज संहिता का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि ध्वजारोहण एवं ध्वज अवतरण शासन द्वारा निर्धारित समयानुसार किया जाए। राष्ट्रीय सांस्कृतिक एवं खेल आयोजनों में केवल कागज से निर्मित राष्ट्रीय ध्वज का ही उपयोग किया जाए तथा कार्यक्रम समाप्ति के बाद ऐसे ध्वजों का सम्मानपूर्वक संग्रहण एवं उचित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में समारोह स्थल की समस्त व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। परेड मैदान की तैयारी, साफ-सफाई, समतलीकरण, मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, ध्वनि विस्तारक यंत्र, जनरेटर, बैरिकेडिंग, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, एम्बुलेंस, अग्निशमन, यातायात नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था तथा विशिष्ट अतिथियों के स्वागत एवं बैठक व्यवस्था के संबंध में संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए गए।
बैठक में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, कारगिल एवं अन्य शहीद सैनिकों के परिजनों तथा लोकतंत्र सेनानियों को सम्मानपूर्वक आमंत्रित कर समारोह में सम्मानित किए जाने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही राष्ट्रीय ध्वज, पुष्प सज्जा, स्वागत द्वार, सांस्कृतिक मंच एवं अन्य व्यवस्थाओं को आकर्षक एवं गरिमामय बनाने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने विभागीय विकास कार्यों एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रदर्शित करने हेतु सभी विभागों को आकर्षक झांकियां तैयार करने के निर्देश दिए। झांकियों के माध्यम से जिले में संचालित नवाचारों, उपलब्धियों एवं विकास कार्यों को प्रदर्शित किया जाएगा। उत्कृष्ट झांकियों, परेड एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का मूल्यांकन कर श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों एवं संस्थाओं को सम्मानित भी किया जाएगा।
बैठक में परेड रिहर्सल, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के चयन, आमंत्रण पत्रों के वितरण, पुरस्कार व्यवस्था, फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी, मीडिया समन्वय तथा कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु विभागवार जिम्मेदारियों का निर्धारण किया गया। साथ ही समारोह के दौरान कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं आपातकालीन सेवाओं को पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि उन्हें सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध, समन्वित एवं गुणवत्तापूर्ण निर्वहन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव एवं सम्मान का पर्व है। अतः सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समारोह को गरिमामय, अनुशासित एवं सफल बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। साथ ही निर्धारित समय-सीमा में सभी तैयारियां पूर्ण कर अनुपालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें।
बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रकाश चंद्र परिहार,अतिरिक्त कलेक्टर ज्योति ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनकामना प्रसाद, संयुक्त कलेक्टर मेघा शर्मा एवं नेहा सोनी , एसडीएम पांढुर्ना अलका एक्का,प्रभारी तहसीलदार प्रेक्षा पाठक,प्रभारी जनपद पंचायत सीईओ विनय प्रकाश ठाकुर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे ।


