कटनी। मास्टर्स एथलेटिक्स संघ मध्य प्रदेश की विशेष चुनावी सभा का आयोजन रविवार, 26 जुलाई 2026 को दोपहर 12:30 बजे इंडियन कॉफी हाउस, बरगवां (कटनी) में आयोजित किया गया। भोजन उपरांत उपस्थित खिलाड़ियों एवं संघ सदस्यों की मौजूदगी में चुनावी प्रक्रिया प्रारंभ हुई।
कार्यक्रम के सभापति एवं अध्यक्ष श्री भागवत प्रसाद तंतुवाय (सेवानिवृत्त सहायक श्रम आयुक्त) को मंच पर आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। इसके बाद संघ के अध्यक्ष श्री एम. जॉर्ज (जबलपुर), कोषाध्यक्ष श्री सोनी प्रसाद (जबलपुर), संरक्षक श्रीमती गौतमी राव (अध्यक्ष, कटनी जिला मास्टर्स एथलेटिक संघ), वरिष्ठ खिलाड़ी सुसे नादा (जबलपुर), तकनीकी सलाहकार श्री फारूक अंसारी एवं श्री एम. बनर्जी (कटनी) तथा कानूनी सलाहकार श्री शिव कुमार जायसवाल (कटनी) को भी मंचासीन कर सम्मानित किया गया। साथ ही उपस्थित सभी खिलाड़ियों एवं सदस्यों का मोतियों की माला पहनाकर स्वागत किया गया।
संघ अध्यक्ष श्री एम. जॉर्ज ने मास्टर्स एथलेटिक्स संघ मध्य प्रदेश की गतिविधियों एवं विशेष चुनावी सभा के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि संघ के रिक्त पदों पर योग्य एवं सक्रिय व्यक्तियों का चयन किया जाना आवश्यक था।
चुनावी प्रक्रिया के दौरान सर्वप्रथम सचिव पद के लिए श्री अलोक कुमार जूडराज (कटनी) का नाम प्रस्तावित किया गया, जिसका सभा में उपस्थित सभी सदस्यों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सर्वसम्मति से समर्थन किया। इस प्रकार उन्हें मास्टर्स एथलेटिक्स संघ मध्य प्रदेश का नया सचिव निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
इसके अतिरिक्त उपाध्यक्ष पद पर श्री गुरु प्रसाद (जबलपुर) एवं डॉ. डी.के. मिश्रा (जबलपुर), सह-सचिव पद पर श्री अशोक शुक्ला (जबलपुर), श्री संजय गिरी (कटनी) एवं श्री निकेश्वर पटेल (मंडला) का निर्विरोध चयन किया गया।
कार्यकारी सदस्य के रूप में कटनी से श्री अशोक राव, श्री राजेंद्र बरसैंया, श्री बृजमोहन प्यासी, श्री संदीप मौर्य, श्री नवीन जग्गी एवं श्री देवी प्रसाद (डब्बू), जबलपुर से श्री असीम जॉर्ज, श्री राजेश उइके, श्री अभिषेक सैमुअल, श्री विनीत शर्मा एवं श्रीमती पॉलिन मनीषा जॉन तथा मंडला से श्रीमती संजूलता का भी निर्विरोध चयन किया गया।
चयनित सभी पदाधिकारियों का पुष्पहार पहनाकर सम्मान किया गया। नव नियुक्त सचिव श्री अलोक कुमार जूडराज ने अपने संक्षिप्त उद्बोधन में सभी खिलाड़ियों एवं सदस्यों से संस्था के विकास के लिए तन, मन, धन एवं समर्पण के साथ सहयोग करने की अपील की। इस पर उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने आर्थिक सहयोग का आश्वासन दिया। श्री राजेंद्र बरसैंया, श्री संजय गिरी, श्री राजेश पटेल, श्री भगत राम सिंह, श्री अशोक राव तथा संघ संरक्षक श्रीमती गौतमी राव ने संस्था के विकास हेतु आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया।
राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक जीतने वाले कटनी के खिलाड़ियों श्री राजाराम यादव एवं श्री संदीप मौर्य को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सदस्यों एवं पदाधिकारियों ने भी अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर कार्यक्रम अध्यक्ष श्री भागवत प्रसाद तंतुवाय ने नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। राष्ट्रीय मास्टर्स एथलेटिक्स संघ के सचिव श्री रामफल शर्मा वीडियो कॉल के माध्यम से सभा से जुड़े और सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।
अंत में नव नियुक्त सचिव श्री अलोक कुमार जूडराज ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए सभा के समापन की घोषणा की।
इस अवसर पर श्री भगत राम सिंह, श्री विभाष पाटिल, श्री अनिल नेमा, श्री राजकुमार सोनखरे, श्री सुनील रजक, श्री राजाराम यादव, श्री सत्येंद्र शर्मा, श्रीमती पिंकी प्यारेलाल निगम, श्री हरिशंकर बाजपेई, श्री अनिल कुमार तिवारी, श्रीमती स्वाति जॉर्ज, श्री राकेश चौधरी, श्री अमित विश्वकर्मा, श्री प्रवीण चक्रवर्ती, श्री संजय गुप्ता एवं श्री आशीष पॉल सहित अनेक खिलाड़ी एवं सदस्य उपस्थित रहे।


