रिपोर्टर सीमा कैथवास
नर्मदापुरम। होशंगाबाद नरसिंहपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने इटारसी स्थित पावरग्रिड उपकेंद्र टाउनशिप परिसर, पथरोटा में संचालित टैगोर विद्या मंदिर के नवीन भवन निर्माण की स्वीकृति प्रदान किए जाने हेतु केंद्रीय विद्युत, आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर को पत्र लिखकर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई का आग्रह किया है। सांसद श्री चौधरी ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि टैगोर विद्या मंदिर विगत 37 वर्षों से क्षेत्र के निर्धन एवं ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों को अत्यंत नाममात्र की फीस पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहा है। विद्यालय ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है, किंतु वर्तमान भवन की जर्जर स्थिति के कारण विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं शिक्षण व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी हुई थी।उन्होंने बताया कि जनभावनाओं एवं क्षेत्रीय नागरिकों की मांग को दृष्टिगत रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा विद्यालय का संचालन पुनः प्रारंभ कराया गया है। ऐसे में विद्यार्थियों के सुरक्षित एवं आधुनिक शैक्षणिक वातावरण के लिए नवीन भवन का निर्माण अत्यंत आवश्यक है।


