रिपोर्टर सीमा कैथवास
नर्मदापुरम। शराब विक्रय के लिए प्रतिबंधित नर्मदापुरम नगर का बालागंज क्षेत्र अवैध शराब कारोबार का बड़ा अड्डा बना हुआ है। पिछले दिनों बड़ी मात्रा में लाखों की अवैध शराब जब्त कर दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया था। उसके बावजूद उक्त क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार पर अंकुश नहीं लगने से मिल रही सूचनाओं पर कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशन पर अवैध शराब के निर्माण, विक्रय, परिवहन एवं संग्रहण के विरुद्ध कार्यवाही करने के निर्देशों के पालन में एवं नवागत जिला आबकारी अधिकारी डॉ.राजीव प्रसाद द्विवेदी के मार्गदर्शन में बुधवार 22 जुलाई को वृत नर्मदापुरम शहर के बालागंज क्षेत्र में आकस्मिक दविश देकर आबकारी और पुलिस टीम ने छापामार कार्रवाई की। इस दौरान मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)क के तहत कुल 03 प्रकरण कायम किए गए जिसमे कुल 155 पाव देशी एवं विदेशी मदिरा एवं एक जुपिटर स्कूटी क्रमांक एमपी 05 जेडके 1053 जप्त की गई। जब्त किए गए वाहन एवं मदिरा अनुमानित कीमत लगभग 71800 रुपये मूल्य आंकलित की गई है। कार्यवाही वृत्त प्रभारी, सहायक जिला आबकारी अधिकारी रमेश अहिरवार द्वारा की गई। उक्त कार्यवाही में सहायक जिला आबकारी अधिकारी राहुल कुमार ढोके, अशोक माहोरे,अभिलाष पाठक, आबकारी उपनिरीक्षक केके पड़रिया, हितेश बिशोरिया,रघुवीर प्रसाद निमोदा का विशेष योगदान रहा। समस्त कार्यवाही में मुख्य आरक्षक दुर्गाप्रसाद माँझी, मदन रघुवंशी,राजेश गौर,आरक्षक भावना यादव ,रौनक राय सत्येंद्र माँझी एवं पुलिस विभाग से प्रधान आरक्षक मनोज रावत,आरक्षक खेमराज नागेश, ब्रजेश उइके, मनीष का सहयोग सराहनीय रहा।


