रिपोर्टर सीमा कैथवास
नर्मदापुरम/इटारसी। कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देश पर जिला प्रशासन ने इटारसी रेलवे स्टेशन के खानपान व्यवसाय से जुड़े किरायेदार वेंडरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। हाल में हुई आपराधिक घटना के बाद प्रशासन ने सक्रियता दिखाते हुए खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया।
अपर कलेक्टर नर्मदापुरम राजेश शुक्ला, एसडीएम इटारसी नीलेश शर्मा और एसडीओपी श्री वीरेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में गठित टीम ने स्टेशन क्षेत्र में दबिश दी। टीम में तहसीलदार सुनीता साहनी,थाना प्रभारी सौरभ पांडे,खाद्य विभाग के अधिकारी जितेंद्र सिंह राणा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश दियावार,आरआई रितेश कुमार और पटवारी लोकेश ठाकरे शामिल थे।
भारी गंदगी में बन रहा था रेल यात्रियों का खाना-
जांच के दौरान टीम ने पाया कि कई वेंडर बेहद गंदगी के माहौल में यात्रियों के लिए भोजन तैयार कर रहे थे। मोहर सिंह की बिल्डिंग में किराए पर रह रहे एक वेंडर के यहां से एक्सपायरी डेट वाली ब्रेड मिली। खाद्य विभाग ने ब्रेड का सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिया। सुमंत तिवारी की बिल्डिंग में स्टेशन के लिए भोजन बनाने वाले किरायेदार वेंडरों के पास से आलू की सब्जी की ग्रेवी, बड़ी मात्रा में पके हुए आलू और अन्य संदिग्ध खाद्य सामग्री बरामद हुई। सभी सामग्री को मौके पर ही नष्ट करने की प्रक्रिया नगर पालिका इटारसी द्वारा शुरू कर दी गई है।
टीम ने पीडीएस का नमक और गैस सिलेंडर भी जब्त करे –
कार्रवाई के दौरान टीम को सबसे गंभीर मामला पीडीएस नमक का सामने आया। टीम ने 1 क्विंटल 85 किलो नमक जब्त किया, जो पीडीएस की शासकीय दुकान का बताया जा रहा है। प्रशासन अब इस बात की जांच कर रहा है कि शासकीय वितरण के लिए आया नमक निजी वेंडरों तक कैसे पहुंचा और इसका उपयोग किस लिए किया जा रहा था। इस मामले में जिम्मेदार लोगों की पहचान कर अलग से कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही मौके से तीन गैस सिलेंडर भी बरामद किए गए। अधिकारियों ने सिलेंडरों की वैधता और सुरक्षा मानकों की जांच शुरू कर दी है।
प्रशासनिक टीम के पहुंचने की खबर लगते ही कुछ अन्य स्थानों पर वेंडरों ने मकानों में ताला लगाकर भागने की कोशिश भी की। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे सभी ठिकानों की पहचान कर आगे भी जांच जारी रहेगी। प्रशासन के अनुसार जिन फर्मों/वेंडरों पर कार्रवाई की गई वे मुख्य टेंडरधारी कंपनी से काम लेकर संचालित हो रहे थे। जिसमें फर्म/वेंडर राहुल इंटरप्राइजेज के लिए शेख इरफान खान, अतुल अवस्थी के यहां अजय महाला एवं होटल धर्मराज के लिए राजकुमार बघेल कार्य करते हुए पाए गए।
कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि रेलवे स्टेशन सहित सभी सार्वजनिक स्थानों पर खाद्य सामग्री तैयार करने वाले वेंडरों की नियमित जांच की जाए, ताकि यात्रियों और आम नागरिकों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ न हो।
प्रशासन ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद संबंधित फर्मों, किरायेदार वेंडरों और मौके पर कार्यरत व्यक्तियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006, आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955, PDS कंट्रोल ऑर्डर 2015 और अन्य प्रासंगिक नियमों के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।


