कटनी। शहर के ह्रदय स्थल और सबसे व्यस्त रहने वाले थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सिटी मॉल के पास रात खून से रंग गई। बेखौफ बदमाशों ने कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए एक युवक पर धारदार चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया है।
*बातचीत के बहाने आए और घोंप दिया चाकू*
घायल युवक कुलदीप टीपा ने अस्पताल में बताया कि वह रात के समय सिटी मॉल के पास खड़ा था। तभी अचानक दो से तीन अज्ञात युवक वहां पहुंचे और बिना किसी ठोस वजह के उससे विवाद करने लगे। गाली-गलौज से शुरू हुआ यह विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया। इससे पहले कि कुलदीप संभल पाता, हमलावरों ने जेब से धारदार चाकू निकाला और उसकी कमर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया।
हमले के बाद कुलदीप खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा और हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
*मौके पर मची अफरा-तफरी, डायल-112 बनी मददगार*
बीच सड़क पर हुई इस चाकूबाजी से मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम बिना वक्त गंवाए मौके पर पहुंची। पुलिस जवानों ने तत्परता दिखाते हुए गंभीर रूप से घायल कुलदीप को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
*जांच में जुटी कोतवाली पुलिस, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल*
वारदात की खबर मिलते ही कोतवाली पुलिस सक्रिय हो गई है। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायल के बयान दर्ज किए हैं और अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों की शिनाख्त जल्द से जल्द की जा सके।


