कटनी पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) द्वारा जिले को नशा मुक्त बनाने हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अवैध मादक पदार्थों एवं नशीली दवाओं के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी अभियान के अंतर्गत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुश्री नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है।
थाना कोतवाली पुलिस को लगातार सूचनाएं प्राप्त हो रही थीं कि वर्तमान में नई पीढ़ी के युवाओं द्वारा गांजा एवं स्मैक के अलावा नाइट्रावेट (Nitravet) गोलियों का भी नशे के रूप में उपयोग किया जा रहा है। इस सूचना के सत्यापन हेतु थाना स्तर पर मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि कैलवारा खुर्द रोड किनारे एक युवक संदिग्ध अवस्था में घूम रहा है। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस वाहन को देखकर युवक भागने का प्रयास करने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
पूछताछ में उसने अपना नाम अभिषेक दुबे पिता संदीप दुबे, उम्र 19 वर्ष, निवासी प्रजापति मोहल्ला, नदीपार, कैलवारा रोड, थाना कोतवाली, जिला कटनी बताया। युवक की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में तलाशी ली गई, जिसमें उसकी जींस की जेब एवं कमर से नाइट्रावेट टैबलेट (Nitravet IP 10 mg) के 07 पत्ते बरामद हुए।
आरोपी से उक्त गोलियों के संबंध में वैध चिकित्सकीय प्रिस्क्रिप्शन अथवा अन्य दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, किंतु वह कोई वैधानिक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में उसने गोलियां नशा करने के उद्देश्य से रखना स्वीकार किया।
पुलिस द्वारा नशीली गोलियां विधिवत जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के विरुद्ध थाना कोतवाली कटनी में *अपराध क्रमांक 769/2026 अंतर्गत धारा 8/21, 22 एनडीपीएस एक्ट एवं 5/13 म.प्र. ड्रग कंट्रोल एक्ट* के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई है।
थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय ने बताया कि क्षेत्र में नशीली गोलियों के बढ़ते दुरुपयोग की लगातार सूचनाएं प्राप्त हो रही थीं। पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि आरोपी को ये गोलियां कहां से प्राप्त हुईं तथा इस अवैध नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी आदतन अपराधी है, जिसके विरुद्ध थाना कोतवाली एवं थाना कुठला में मारपीट एवं चोरी के कुल 03 आपराधिक प्रकरण पूर्व से दर्ज हैं।
*गिरफ्तार आरोपी – अभिषेक दुबे पिता संदीप दुबे, उम्र 19 वर्ष, निवासी प्रजापति मोहल्ला, नदीपार, कैलवारा रोड, थाना कोतवाली, जिला कटनी।*
जप्त सामग्री- नशे में उपयोग की जाने वाली नाइट्रावेट (Nitravet IP 10 mg) की 07 पत्तियां।
अनुमानित कीमत – 315 रू
*पुलिस कार्यवाही में विशेष भूमिका-* श्रीमान पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुश्री नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय, उनि. कुलदीप सिंह, प्र.आर. विरेन्द्र तिवारी, उमेश सिंह, आर. अजय प्रताप सिंह, मंसूर हुसैन, विकास राय, मोहन मण्डलोई, अजीत सिंह एवं दिनेश सेन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कटनी पुलिस की अपील: – नशीले पदार्थों एवं नशीली दवाओं के अवैध कारोबार अथवा इनके दुरुपयोग की जानकारी मिलने पर तत्काल अपने नजदीकी पुलिस थाने अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें। समाज को नशा मुक्त बनाने में पुलिस का सहयोग करें।


