रिपोर्टर सीमा कैथवास
नर्मदापुरम। पुलिस मुख्यालय भोपाल मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार और पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा एस थोटा के मार्गदर्शन में जिले में स्कूली बच्चों के सुरक्षित एवं निर्बाध यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 08 से 17 जुलाई तक विशेष स्कूल बस चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी तारतम्य में नर्मदापुरम जिला मुख्यालय पर ट्रैफिक डीएसपी संतोष कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में सभी स्कूल की बसों सहित वैन का विशेष चेकिंग अभियान ट्रैफिक टीआई सुनीता पटेल द्वारा किया जा रहा है। शनिवार को
ट्रैफिक टीआई सुनीता पटेल द्वारा सेंट पॉल स्कूल की स्कूल बसों का सघन जांच निरीक्षण किया गया। टीआई सुनीता पटेल ने बताया कि आज वह सेंट पॉल की स्कूल बसों का निरीक्षण करने पहुंची हैं।अभियान के दौरान स्कूल बसों की तकनीकी एवं सुरक्षा संबंधी मानकों की गहन जांच की जा रही हैं। विशेष रूप से बसों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट,बीमा,प्रदूषण प्रमाणपत्र (PUC), आपातकालीन द्वार (Emergency Exit), प्राथमिक उपचार पेटी (First Aid Box), अग्निशमन यंत्र (Fire Extinguisher), स्पीड गवर्नर, सीसीटीवी, पैनिक बटन,जीपीएस, चालक का वैध ड्राइविंग लाइसेंस,पुलिस वेरिफिकेशन एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों का परीक्षण किया जा रहा हैं। इस दौरान एक फॉर्म में सभी जानकारी भरकर आरटीओ को भेज कर वेरिफिकेशन कराया जाएगा। साथ ही सर्वोच्च न्यायालय एवं शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। समस्त विद्यालय संचालकों, बस संचालकों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि वे बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूर्णतः पालन करें। साथ ही अभिभावकों से भी आग्रह किया गया है कि यदि उन्हें किसी स्कूल बस में सुरक्षा संबंधी कमी दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल स्थानीय थाना अथवा यातायात पुलिस को दें। वही मीडिया के सवाल पर की सेंट पॉल स्कूल की बस एवं वेन vip रोड पर खड़ी रहती है जिसके कारण यातायात बाधित होता है। किसी प्रकार की दुर्घटना होने की अंदेशा बना रहता है जिसको लेकर उन्होंने कहा कि वह स्कूल संचालक को बसों को व्यवस्थित करने के जो आवश्यक दिशा निर्देश हैं उसका पालन कराने के लिए निर्देशित करेगी। सड़क पर बस न खड़े करने का पालन कराएंगी।


