कटनी (11 जुलाई) – नगर पालिक निगम कटनी में सफाई कर्मचारियों से अवैध रूप से धनराशि मांगने की वार्ड क्रमांक 2 के सफाई कर्मचारियों के शिकायती पत्र को गंभीरता से लेते हुए निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देश पर वार्ड क्रमांक 2 के प्रभारी वार्ड दरोगा भरत गौर, जयहिंद के को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया है। कर्मचारियों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच प्रारंभ करते हुए संबंधित वार्ड प्रभारी को तीन दिवस के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
उपयुक्त श्रीमती प्रियंका झारिया द्वारा जारी सूचना पत्र के अनुसार वार्ड क्रमांक-02 के समस्त सफाई कर्मचारियों द्वारा संयुक्त आवेदन प्रस्तुत कर शिकायत की गई है कि प्रभारी द्वारा कर्मचारियों से 3-3 हजार रुपये की मांग की गई। राशि नहीं देने पर कार्य से हटाने तथा अन्य वार्डों में स्थानांतरण कराने, पेंशन एवं अन्य प्रकरणों में विलंब किए जाने जैसी धमकी दिए जाने का भी उल्लेख शिकायत में किया गया है। शिकायत में इस प्रकार का आचरण कर्मचारी आचरण संहिता के विपरीत बताया गया है।
निगम उपायुक्त श्रीमती झरिया ने मामले को गंभीर मानते हुए संबंधित प्रभारी को तीन दिवस के भीतर अपना पक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यदि निर्धारित समयावधि में संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं किया जाता अथवा आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाते हैं, तो नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।


