हरदा ग्रामीणों की समस्याओं के तत्काल समाधान और शासन की कल्याणकारी योजनाओं को सीधे उन तक पहुंचाने के उद्देश्य से गुरूवार को ग्राम मकड़ाई में ‘सांझ चौपाल’ का आयोजन किया गया। चौपाल में कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने स्वयं उपस्थित होकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उन की एक-एक कर समस्याएं सुनीं। चौपाल में कलेक्टर के साथ पुलिस अधीक्षक शशांक, वनमण्डलाधिकारी श्रीमती ज्योति मुड़िया, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अंजली जोसेफ जोनाथन, सरपंच श्रीमती प्रमिला बाई भुरेलाल, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रवीण इवने, एसडीएम खिरकिया सुश्री शिवांगी बघेल सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तर के अधिकारी मौजूद रहे। ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत की गई शिकायतों और समस्याओं का अधिकारियों ने गंभीरता से संज्ञान लिया और उनका त्वरित निराकरण किया।
*51 आवेदनों में से 80 प्रतिशत का मौके पर समाधान*
चौपाल के दौरान ग्रामीणों द्वारा राजस्व, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, पेंशन, राशन एवं अन्य विभागों से संबंधित कुल 51 आवेदन प्रस्तुत किए गए। कलेक्टर श्री जैन के निर्देश पर अधिकारियों ने इनमें से 40 आवेदनों, अर्थात 80 प्रतिशत, का मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित किया। शेष आवेदनों के शीघ्र निराकरण के निर्देश देते हुए कलेक्टर ने कहा कि इनकी जानकारी ग्राम पंचायत सचिव के माध्यम से आवेदकों को दी जाएगी।
हरदा से श्रीराम कुशवाह की रिपोर्ट


